गुरूजी ने भक्ति के बहाने बुलाया और फिर किया दुष्कर्म
केएन काटजू थाना इलाके में एक भक्ति कार्यक्रम में शामिल होने के बहाने बुला कर 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर 58 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान मदन गोयल उर्फ गुरुजी के रूप में हुई है। वह रात्रि जागरण समूह का सदस्य है। आरोपी ने महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
�
पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय पीड़िता सपरिवार पीरागढ़ी इलाके में रहती है। महिला ने मंगलवार को रोहिणी नार्थ थाने में दुष्कर्म की शिकायत की। शिकायत में उसने बताया कि उसकी रूचि पूजा पाठ और भजन कीर्तन में हैं। इस वजह से वह रोहिणी सेक्टर 8 निवासी मदन गोयल को काफी लंबे अरसे से जानती है।पीड़िता का आरोप है कि मंगलवार सुबह गुरुजी ने उसे रोहिणी सेक्टर 17 में होने वाले एक भक्ति कार्यक्रम की बात कहकर बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपी उसे स्कूटर में बिठाकर काली माता मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित एक कमरे पर ले गया।
जहां उसने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दिया। जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश में आने के बाद पीड़िता ने पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसका मेडिकल करवाया।
साथ ही घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराई गई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।