मेरठ : भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में आना मना है का पोस्टर लगाने वाले निकले खुद भाजपाई, अब हुए गिरफ्तार
शुक्रवार दोपहर मेरठ जिले के मेडिकल थाने के बाहर लगे पोस्टर पर “भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में आना मना है” के सोशल मीडिया मे आने के बाद हँगामा मच गया लोग पुलिस पर भाजपा कार्यकर्ताओ के लिए इस तरह के पोस्टर लगाने के आरोप लगाने लगे जिसके बाद यह मामला लखनऊ तक पहुंच गया। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी इस को लेकर फेसबुक पर टिप्पणी करने लगे । उन्होने लिखा ”ऐसा पहली बार हुआ है इन पाँच-छह सालों में सत्तापक्ष के लोगों का आना मना हुआ थानों में। ये है उप्र की भाजपा सरकार का बुलंद इक़बाल!”
मेरठ पुलिस ने शनिवार को इस मामले में सागर पोसवाल और शंभू पहलवान समेत छह आरोपी गिरफ्तार किए हैं जानकारी के अनुसार भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार दोपहर मेरठ जिले के मेडिकल थाने में तीन घंटे तक हंगामा किया। भाजपाई एक विधवा की दुकान पर अवैध कब्जा हटवाने की मांग लेकर पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने भाजपाइयों को बाहर जाने को कहा। इसके बाद भाजपाइयों ने थाने के गेट पर बैनर लगाकर धरना प्रदर्शन किया। बैनर पर लिखा गया- भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में आना मना है
भाजपाइयों के अनुसार इंचौली थानाक्षेत्र के मसूरी गांव निवासी पूजा की शादी चार साल पहले नौचंदी क्षेत्र के वैशाली कॉलोनी निवासी अवधेश से हुई थी। 21 अक्तूबर को बीमारी के चलते अवधेश की मौत हो गई थी। पति के नाम गढ़ रोड पर मेडिकल क्षेत्र में एक दुकान है। आरोप है कि ससुर और देवर ने दुकान पर कब्जा कर लिया है। पति की मौत के बाद ससुर व देवर उसे खाली नहीं कर रहे हैं। चार दिन पहले वह भाई के साथ दुकान पर गई थीं। इस दौरान उनके साथ अभद्रता की गई। शुक्रवार को पीड़िता भाजपा कार्यकर्ता सागर पोसवाल, शंभू पहलवान सहित अन्य के साथ थाने पहुंची थी। पुलिस ने महिला के ससुर और देवर को भी थाने बुला लिया था। दोनों पक्षों में बात नहीं बनी। इसके बाद थाना प्रभारी संतशरण सिंह ने भाजपाइयों को थाने से बाहर जाने को कह दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। जानकारी मिलने पर भाजपा नेता राजेश निगम, राहुल कस्तला, कुलदीप मसूरी समेत कई भाजपाई भी थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। पुलिस ने पोस्टर मामले में संज्ञान लेते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।