हादसा : गाजियाबाद में श्मशान घाट में गैलरी की छत गिरने से 18 की मौत, मुख्यमंत्री ने दिए तेजी से राहत बचाव के आदेश

मुरादनगर के श्मशान घाट परिसर में गैलरी की छत गिरने के हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है। कई लोग अभी भी दबे हुए हैं, जबकि 20 से ज्यादा लोग लोगों को मलबे से निकालकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अब तक एमएमजी अस्पताल में 18 लोगों के शव आ चुके हैं

हादसे का शिकार हुए सभी लोग मुरादनगर के डिफेंस कॉलोनी निवासी फल विक्रेता जयराम (उम्र करीब-65) की अंत्येष्टि में आए थे। बारिश के कारण अंत्येष्टि के बाद लोग इस गैलरी के नीचे खड़े थे कि तभी यह भर भरा कर गिर गई जिसमें 40 से ज्यादा लोग दब गए।

बताया जा रहा है कि ढाई माह पहले झोपड़ी नुमा गैलरी का निर्माण कराया गया था। लोगो का आरोप है कि सरिया को छोड़ निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। गैलरी ढहते ही निर्माण सामग्री चूरे में तब्दील हो गई।  

फिलहाल पुलिस प्रशासन ने बचाव अभियान चला रखा हैं। मौके पर भारी भीड़ जमा है। बारिश के कारण बचाव अभियान में दिक्कत आ रही है।गाजियाबाद के जिलाधिकारी और एसएसपी मौके पर पहुंचे हैं। 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गाजियाबाद के मुरादनगर में छत गिरने की घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।मुख्यमंत्री ने इस हादसे में मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।