पटना। नीतीश कुमार चौथी बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि नीतीश कुमार के साथ सात कैबिनेट मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर मिल रही है कि के मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण के लिए श्याम रजक, रंजू गीता और रमई राम को भी न्योता भेजा गया है। रमई राम का कहना है कि उन्होंने नीतीश कुमार से उपमुख्यमंत्री पद की मांग की है।
जेडीयू नेता रमई राम ने बताया कि उन्होंने नीतीश कुमार से मांग की है कि उन्हें उपमुख्यमंत्री का पद मिलना चाहिए। तो क्या नीतीश सरकार में रमई राम डिप्टी सीएम होंगे, इसका जवाब शाम पांच मिल जाएगा। राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी शाम पांच बजे नीतीश कुमार को शपथ ग्रहण कराएंगे।
खबर है कि नीतीश कुमार कैबिनेट में राजद और कांग्रेस के भी शामिल होने की संभवना है। बताया जा रहा है कि लेसी सिंह, श्रवण कुमार को भी शपथ ग्रहण के लिए फोन किया गया है। इसके साथ ही विजय चौधरी, विजेंद्र यादव, नरेंद्र यादव, मनोज कुशवाहा और अवधेश कुशवाहा को भी न्योता भेजा गया है।
नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में महागंठबंधन का पूरा कुनबा भी मौजूद रहेगा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी सुप्रिमो मुलायम सिंह यादव, आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगई, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, जदयू अध्यक्ष शरद यादव समेत अन्य नेता शपथ ग्रहण के दौरान उपस्थित रहेंगे।