नई दिल्ली। अंबेडकर नगर इलाके रोडरेज की वारदात सामने आई है। शनिवार रात को हुए घटनाक्रम में बीआरटी कॉरिडोर पर टाटा सफारी कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। ऑटो सवार नव दंपति ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने न सिर्फ उनसे मारपीट की, बल्कि महिला के साथ छेड़छाड़ भी की। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी कार समेत फरार हो गए। हालांकि पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक नव दंपति परिवार के साथ सफदरजंग एंक्लेव में रहता है। पीड़ित 28 साल का युवक गुड़गांव स्थित एक एमएनसी में नौकरी करता है। शनिवार रात को दोनों पति-पत्नी शादी की पहली सालगिरह मनाने के लिए शेख सराय स्थित अपने रिश्तेदार के घर गए थे। देर रात को वहां से घर आने के लिए दोनों ने ऑटो लिया।
इस बीच अंबेडकर नगर इलाके में जैसे ही ऑटो बीआरटी कोरिडोर पर पहुंचा, पीछे तेज गति से आई कार ने इनके ऑटो को टक्कर मार दी। ऑटो चालक के साथ दंपति ने भी कार सवारों से विरोध जताया। दंपति का आरोप है कि आरोपियों ने पति-पत्नी को बुरी तरह पीटा, साथ ही महिला से छेड़छाड़ की। कॉल करने पर पुलिस भी देर से पहुंची। पुलिस पीड़ितों के बयान पर मामले की छानबीन कर रही है।