नई दिल्ली।। न्यूज चैनल ABP न्यूज और नील्सन के सर्वे के ताजा सर्वे का यकीन करें तो अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी कांग्रेस और बीजेपी दोनों का खेल बिगाड़ने जा रही है। सर्वे के मुताबिक, अगले चुनाव के बाद न तो कांग्रेस दोबारा सरकार बनाने की स्थिति में होगी और न बीजेपी बहुमत हासिल कर पाएगी। कम सीटें लाकर भी केजरीवाल किंगमेकर की भूमिका निभाएंगे।
जहां तक मुख्यमंत्री का सवाल है, शीला दीक्षित तीसरे नंबर पर हैं। 26 फीसदी लोगों की पहली पसंद विजय गोयल हैं। 24 फीसदी लोग सीएम के रूप में अरविंद केजरीवाल को देखना चाह रहे हैं। वहीं सिर्फ 22 फीसदी लोग शीला दीक्षित को मुख्यमंत्री बने देने रहना चाहते हैं।
दिल्ली के मतदाताओं का मूड क्या है? इसी को लेकर ABP न्यूज ने सर्वे कंपनी नील्सन के साथ मिलकर दिल्ली की 70 विधानसभा क्षेत्रों में से सभी प्रमुख सीटों पर मतदाताओं का मूड भांपने की कोशिश की। इस सर्वे में दिल्ली में कांग्रेस को झटका लगता दिख रहा है। शीला दीक्षित का चौथी बार सीएम बनने का सपना टूटता नजर आ रहा है। सर्वे में कांग्रेस 29 पर्सेंट वोट हासिल कर 27 सीटें हासिल कर रही है। वहीं बीजेपी को जबर्दस्त फायदा मिलता दिख रहा है। 34 फीसदी वोटों के साथ बीजेपी को 32 सीटें मिल रही हैं। अरविंद केजरीवाल की आप को 15 फीसदी वोटों के साथ 8 सीटों पर जीत हासिल हो रही है। अन्य को 22 फीसदी वोट मिल रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ 3 सीटों पर जीत हासिल हो रही है। गौरतलब है कि दिल्ली में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को कम से कम 36 विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी।