main news

लखनऊ में 185 करोड़ रु0 से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, वीरवर श्री लक्ष्मण जी की मूर्ति का अनावरण

केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आज यहां चौधरी चरण सिंह अमौसी अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट वीरवर श्री लक्ष्मण जी की मूर्ति का अनावरण और 185 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन लोकार्पित विकास परियोजनाआें में शहीद पथ से अमौसी एयरपोर्ट तक एलीवेटेड फ्लाईओवर, नगराम रेलवे उपरिगामी सेतुु, राजाजीपुरम से रानी लक्ष्मीबाई चिकित्सालय तक क्लोवर लीफ, शहीद पथ पर कारगिल यु़़द्ध के शहीदों की स्मृति में समर्पित कारगिल विजय स्मृतिका, जी-20 सम्मेलन के आयोजन की स्मृति में शहीद पथ से जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नं0-6 तक के मार्ग का जी-20 नामकरण, छतर मंजिल की फसाड लाइटिंग शामिल हैं।


मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन व सहयोग से आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य से उभरकर एक उद्यम प्रदेश एवं विकसित अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर हुआ है। आज प्रदेश में सुरक्षा, कानून व्यवस्था का बेहतर वातावरण निर्मित हुआ है। विकास की बड़ी-बड़ी परियोजनाएं तीव्र गति से आगे बढ़ रही हैं। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे प्रदेश बन चुका है। देश और दुनिया में प्रदेश निवेश के बेहतरीन गन्तव्य के रूप में जाना जा रहा है। राज्य में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन की अपार सम्भावनाएं विद्यमान हैं। विगत साढ़े पांच वर्षां में नये भारत के नया उत्तर प्रदेश सबके सामने है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्रीय रक्षा मंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में लखनऊ के विकास को पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की भावनाओं के अनुरूप आगे बढ़ाया जा रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अनुज वीरवर श्री लक्ष्मण जी के नाम पर जिस नगरी को जाना जाता है, आज यहां उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण सम्पन्न हुआ है। नये लखनऊ को ग्रेटर लखनऊ के रूप में विकसित किया जा रहा है। किसान पथ को 50 वर्ष की दूरगामी सोच के साथ लखनऊ के विकास को एक नई ऊंचाई तक पहुंचाने का एक अनमोल उपहार है। किसान पथ पर निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। लखनऊ की कनेक्टिविटी गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज व दिल्ली के साथ बेहतर हुई है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जनता की सेवा में तत्पर है। लखनऊ एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्ततम एयरपोर्ट के रूप में जाना जा रहा है। इस एयरपोर्ट का विस्तार होने जा रहा है। विकास की परियोजनाओं में सकारात्मक योगदान एक नये युग का सूत्रपात करता है। विभिन्न विकास परियोजनाआें को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री, केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री व रक्षा मंत्री के मार्गदर्शन व सहयोग से तथा सभी जनप्रतिनिधि, प्रशासन व जनता जनार्दन जब मिलकर टीम भावना के साथ कार्य करते हैं, तो कार्य अवश्य ही सफल होता है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आगामी 10 से 15 फरवरी तक यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट एवं जी-20 समिट के कार्यक्रम आयोजित होने हैं। दुनिया के समक्ष अपनी सामर्थ्य दिखाने का हम सभी के पास अवसर है। इसके दृष्टिगत 10 हजार से अधिक उद्यमी व निवेशक आ रहे हैं। यह हम सभी के लिए आतिथ्य सत्कार का बेहतरीन अवसर है। स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए आगन्तुकों के लिए बेहतरीन व्यवस्था की जाए। इन विशिष्ट कार्यक्रमों के दृष्टिगत लखनऊ को बहुत सुन्दर ढंग से सजाया गया है। लखनऊ की सुन्दरता को बनाये रखना हर लखनऊवासी व प्रदेशवासी का कर्तव्य है। यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए 25 करोड़ की जनता का सकारात्मक सहयोग प्राप्त हुआ है। इस समिट से लाखों करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे हमारे युवाओं को उनके जनपद व उनके गांव में ही रोजगार प्राप्त होगा।


कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत को दुनिया की टॉप थ्री अर्थव्यवस्था बनाने में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मुख्यमंत्री के सहयोग प्राप्त होने पर ही आज यहां लोकार्पित सभी परियोजनाएं समय से पूरी हो सकीं। बुनियादी ढांचे का विकास किसी भी क्षेत्र, राज्य व देश के लिए बहुत अहमियत रखता है। जिस क्षेत्र, राज्य व देश में आवागमन तेजी एवं निर्बाध रूप से हो, उस क्षेत्र, राज्य व देश को विकसित होने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती है। लखनऊ को विकसित करने का जो स्वप्न एवं संकल्प श्रद्धेय अटल जी ने देखा था, उसे आगे बढ़ाया जा रहा है।
रक्षा मंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कार्यालयों में कार्य करने वाले लोगों की सोच में ही बदलाव आया है। अब लोगों की सोच बिजनेस फ्रेण्डली हो गयी है। यह सब प्रदेश की चुस्त-दुरुस्त कानून व्यवस्था से ही सम्भव हो सका है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की चर्चा देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में रहने वाले लोग भी करते हैं। जब तक किसी भी राज्य एवं शहर की कानून व्यवस्था सुदृढ़ नहीं होगी तब तक उस राज्य एवं क्षेत्र का विकास सम्भव नहीं होगा। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एवं ईज ऑफ लिविंग में उत्तर प्रदेश की रैंकिंग बढ़ी है।


केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्यमंत्री कौशल किशोर ने कहा कि लखनऊ ओवरब्रिजों का शहर है। केन्द्रीय रक्षा मंत्री जी ने नेतृत्व में किसान पथ के निर्माण, ब्रम्होस मिसाइल कारखाना सहित बड़े पैमाने पर अन्य विकास कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश, उत्तम प्रदेश के साथ-साथ उद्यम प्रदेश के रूप में विकसित हो रहा है।


उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्रद्धेय अटल जी के सपने को पूरा कर रहे हैं। लखनऊ में इन परियोजनाओं की काफी दिनों से मांग थी। जिसे आज जनता को लोकर्पित कर दिया गया। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में इन लोकार्पित परियोजनाओं का क्रियान्वयन सम्पन्न हुआ।


प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि केन्द्रीय रक्षा मंत्री के नेतृत्व में सेना का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने देश से माओवाद तथा नक्सलवाद को समाप्त करने में बड़ी भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व एवं इच्छा शक्ति से प्रदेश में परिवर्तन आया है। आज उत्तर प्रदेश विकास पथ पर अग्रसर है।
इस अवसर पर लोक निर्माण राज्यमंत्री बृजेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

एन सी आर खबर ब्यूरो

हम आपके भरोसे ही स्वतंत्र ओर निर्भीक ओर दबाबमुक्त पत्रकारिता करते है I इसको जारी रखने के लिए हमे आपका सहयोग ज़रूरी है I अपना सूक्ष्म सहयोग आप हमे 9654531723 पर PayTM/ GogglePay /PhonePe या फिर UPI : 9654531723@paytm के जरिये दे सकते है एनसीआर खबर.कॉम दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित और नं.1 हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews.ncrkhabar@gmail.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं

Related Articles

Back to top button