भारतीय जनता पार्टी 14 मार्च से करेगी मध्य प्रदेश में बूथ विस्तारक अभियान 2 का शुभारंभ
भारतीय जनता पार्टी 14 मार्च से गत वर्ष की तरह प्रदेश में बूथ विस्तारक अभियान 2 का शुभारंभ करेगी। इस अभियान के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता 10 दिनों तक बूथ पर पहुंचकर संगठन द्वारा तय 22 करणीय कार्यों को पूरा कर बूथ को सशक्त करेंगे।
14 मार्च से शुरू होने वाले बूथ विस्तारक अभियान-2 में प्रदेश के मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री, प्रदेश शासन के मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक से लेकर मंडल पदाधिकारी सभी बूथों पर रहेंगे। 10 दिनों तक चलने वाले अभियान में प्रदेश के सभी शक्ति केंद्रों पर लगभग 12000 विस्तारक मौजूद रहेंगे और जो 22 प्रकार के काम पार्टी संगठन ने तय किए हैं, उन्हें पूरा करेंगे। उन्होंने बताया कि बूथ विस्तारक अभियान-2 में बूथ समिति की समीक्षा एवं गठन कर पन्ना प्रमुख एवं पन्ना समिति बनाई जायेंगी। हितग्राहियों से संपर्क और पार्टी की पन्ना समिति से जोडने का काम भी करेंगे। प्रत्येक बूथ पर की वोटर्स का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। हर बूथ पर एक हितग्राही, महिला, युवा प्रमुख की नियुक्ति की जाएगी।
यह नेतागण विधानसभा के बूथों पर पहुंचेंगे
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भोपाल उत्तर विधानसभा, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय खरगौन जिले के बडवाह विधानसभा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा भोपाल मध्य विधानसभा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद छिंदवाडा जिले के जुन्नारदेव विधानसभा में बूथ विस्तारक योजना में शामिल होंगे। इसी प्रकार प्रदेश भर में पार्टी के नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बूथों पर पहुंचकर बूथ विस्तारक योजना में शामिल होंगे।