ट्विन टावर रविवार को ठीक 2.31 बजे ढहा दिए गए। पहले सियान, फिर एपेक्स टावर में विस्फोट हुआ। 6 सेकंड में दोनों टावर गिर गए। करीब 500 मीटर दूर स्थित JP फ्लाईओवर भी इस ब्लास्ट से हिल गया। इसी फ्लाई ओवर पर सारे अधिकारी और मीडियाकर्मी मौजूद थे, जो कंपन से सहम गए
नोएडा प्राधिकरण की सीओ रितु माहेश्वरी ने बताया कि मलबे की चपेट में आने से पास की एटीएस सोसायटी की 10 मीटर की चारदीवारी क्षतिग्रस्त हो गई है। अन्य कहीं से नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
नोएडा पुलिस आयुक्त ने कहा कि पूरे प्लान के साथ काम किया गया और टावर को गिराया गया। सुरक्षा के पूरे इंतज़ाम थे जिस कारण से सब कुछ सही से हुआ। हम अवशेष और बचे हुए विस्फोटकों का आकलन करने के लिए साइट पर जा रहे हैं यदि वे वहां छोड़े गए हैं।
इससे पहले सुबह सुपरटेक ट्विन टावरों के सुरक्षित ध्वस्तीकरण के लिए एडफिस के जिगर मेहता ने पूजा अर्चना की। सुपरटेक टावर गिराने से पहले सुबह सात बजे एमराल्ड कोर्ट और एटीएस विलेज सोसायटी को खाली करा दिया गया। 2700 फ्लैट में रहने वाले करीब 7000 लोगों ने घर छोड़ दिया। साथ ही पालतू जानवरों, 3000 वाहनों को भी दूसरी जगह शिफ्ट किया।