main news
हिमस्खलन में चार सैनिकों की मौत
जम्मू जम्मू कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में हिमस्खलन से 3 लद्दाख स्काउट्स के चार सैनिक मारे गए। एक रक्षा प्रवक्ता ने आज यह जानकारी दी।
उधमपुर स्थित प्रवक्ता ने पीटीआई को बताया, ‘‘3 लद्दाख स्काउट्स के चार जवान मारे गए जब उनका गश्ती दल कल शाम 4.30 बजे लद्दाख में दक्षिणी हिमनद पर एक हिमस्खलन की चपेट में आ गया।’’ हिमस्खलन के फौरन बाद राहत अभियान चलाया गया, लेकिन सैनिकों को बचाया नहीं जा सका।
कर्नल गोस्वामी ने बताया कि चारों सैनिकों के शव हिमस्खलन वाली जगह पर मिले और हुंदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मरने वालों में हवलदार त्सेवांग नुरबू, हवलदार दोरजे गायलस्तान, राइफलमैन मोहम्मद युसुफ और राइफलमैन जिगमेड चोसदप शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सैनिकों के शव चिकित्सा औपचारिकताओं के बाद उनके परिजन के हवाले कर दिए जाएंगे।