दिल्ली

मनमोहन सिंह जैसे ही हैं डॉ.हर्षवर्धन : केजरीवाल

पूर्वी दिल्ली : आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने कहा कि डॉ.हर्षवर्धन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जैसे ही हैं। यही वजह है कि भाजपा ने साफ-सुथरी छवि वाले चेहरे डॉ.हर्षवर्धन को आगे कर दिया है। उनके चेहरे को आगे कर पार्टी भ्रष्टाचार का खेल खेलेगी। मनमोहन सिंह की आड़ में कांग्रेस लगातार भ्रष्टाचार के रिकार्ड को तोड़ती जा रही है और वे चुप बैठे हैं। इसलिए दोनों ही पार्टियां एक जैसी हैं। उन्होंने कहा कि आप के सत्ता में आते ही 29 दिसंबर को दिल्ली में जनलोकपाल लागू कर दिया जाएगा।

केजरीवाल ने पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्र में तीन जगहों पर जनसभा को संबोधित किया। बुधवार को उन्होंने विश्वास नगर, कड़कड़डूमा व इंद्रप्रस्थ विस्तार में आप के उम्मीदवार डॉ.अतुल गुप्ता के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भ्रष्ट नीतियों की वजह से ही दिल्ली में बिजली के दामों में इतनी अधिक वृद्धि हुई है। महंगाई के लिए भी कांग्रेस का भ्रष्टाचार जिम्मेदार है। बिजली विभाग का निजीकरण कर कांग्रेस ने दिल्लीवासियों को खोखला कर दिया और अब दिल्ली जलबोर्ड को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति में आने की इच्छा

नहीं थी। वे तो देश में अन्ना का जनलोकपाल लाने की मांग कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने आश्वासन देकर भी जनलोकपाल नहीं लागू होने दिया, क्योंकि इससे उनका भ्रष्टाचार उजागर हो जाता।

इस मौके पर विश्वास नगर क्षेत्र के आप के प्रत्याशी डॉ.अतुल गुप्ता ने कहा कि 15 वर्ष में विश्वास नगर का कुछ भी भला नहीं हुआ। सभी समस्याएं जस की तस हैं। राजनेताओं की शह पर विश्वास नगर में अवैध फैक्टरियां चल रही हैं, जिससे लोगों का रहना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने फैक्टरी मालिकों से हमदर्दी जताते हुए कहा कि उन्हें बवाना जैसे दूर स्थित जगहों पर नहीं भेजना चाहिए, बल्कि उनके लिए आसपास जगह तलाश करनी चाहिए। इंद्रप्रस्थ विस्तार में हुई जनसभा में आप के नेता मनीष सिसोदिया ने भी शिरकत की। उन्होंने लोगों को संबोधित किया।

NCR Khabar News Desk

एनसीआर खबर.कॉम दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित और नं.1 हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews@ncrkhabar.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं

Related Articles

Back to top button