Gurgaonmain newsएनसीआरदिल्लीनोएडा

दिल्ली-एनसीआर में बारिश, अगले सप्ताह फिर लौटेगी ठंड

शरीर को जमा देने वाली ठंड के बाद राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में पिछले दो दिनों से मौसम सुहाना हुआ था, लेकिन शुक्रवार सुबह से जारी बारिश के बाद एक बार फिर मौसम के पलटी मारने की संभावना बन गई है। आकाश में बादल छाए हुए हैं, लेकिन तापमान में गिरावट नहीं दर्ज की गई है। आज अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9 डिग्री रहने का अनुमान है। दो दिनों से कोहरा काफी कम होने की वजह से ट्रेनों और हवाई जहाजों का आवागमन भी काफी हद तक सामान्य हुआ है।

शुक्रवार सुबह 50 ट्रेनें अपने नियत समय से देर से चल रही थीं, जबकि इस सप्ताह की शुरुआत में यह आंकड़ा 200 के करीब था। 8 ट्रेनों को री-शेड्यूल किया गया है। रात पौने दस बजे खुलने वाली पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर-12801) को शुक्रवार सुबह सात बजे चलाने की घोषणा की गई थी।

पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा में कल बारिश हुई थी। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक के कुछ हिस्सों से भी बारिश की खबरें आई थीं। शुक्रवार तड़के से ही दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुड़गांव में भी बारिश होने लगी।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य में हवा का कम दबाव होने की वजह से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। जैसे ही दिल्ली से इस सिस्टम का असर खत्म हो जाएगा, मौसम फिर से पलटी मार सकता है। विभाग के मुताबिक 6 और 7 जनवरी को न्यूनतम तापमान में गिरावट की वजह से ठंड के तेवर फिर से तेज होने का अनुमान है।

गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बावजूद दिल्ली में अधिकतम तापमान में बढ़त दिखाई दी। यह 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। कई इलाकों जैसे दिल्ली यूनिवर्सिटी और यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से भी ऊपर पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को बारिश के बावजूद तापमान में तेजी बनी रह सकती है।

NCR Khabar News Desk

एनसीआर खबर.कॉम दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित और नं.1 हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews@ncrkhabar.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं

Related Articles

Back to top button