जम्मू। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। लगभग एक दिन शांत रहने के बाद आज दोपहर बाद पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर जम्मू संभाग के हीरानगर सेक्टर में जंगबंदी का उल्लंघन कर भारतीय चौकियों को निशाना बनाया। इस गोलाबारी में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया है। भारतीय जवानों ने भी जवाबी फायर किया है।
इससे पहले सीजफायर का उल्लंघन करते हुए पाकिस्तान ने सांबा और कठूआ सेक्टर में एक बार फिर गोलीबारी की। पाकिस्तान की ओर से लगातार किए जा रहे सीजफायर उल्लंघन से जम्मू-कश्मीर के सीमाई इलाकों में दहशत फैल गई है। सीजफायर की आड़ में पाकिस्तान आतंकियों को भारत की सरहद में घुसपैठ करा बड़े आतंकी हमले की भी साजिश रच रहा है।
पाकिस्तानी रेंजर्स ने कठुआ और सांबा सेक्टर में बीएसएफ की 40 पोस्ट पर गोलीबारी की। बीते दिनों पाकिस्तानी गोलीबारी में जवानों समेत कई भारतीयों की भी मौत हो चुकी है। पाकिस्तानी रेंजर्स भारतीय पोस्टों पर मोर्टार दाग रहे हैं और मीडियम मशीन गन से गोलीबारी कर रहे हैं। पिछले पांच दिन से हो रही लगातार गोलीबारी की वजह से ग्रामीण पलायन को मजबूर हो रहे हैं। उधर भारत भी पाकिस्तान को मुहतोड़ जवाब दे रहा है।
न्यूज चैनलों की रिपोर्ट की मानें तो पाकिस्तानी खूफिया एजेंसी आइएसआइ, हाफिज सईद की मदद से भारत में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा है। बताया जा रहा है 60-70 लश्कर के आतंकी भारत में घुसपैठ की फिराक में है। इनके घुसपैठ के लिए बॉर्डर पर 6-7 लॉन्चिंग पैड बनाए गए हैं।