
गुवाहाटी। भारी बारिश के बाद पूर्वोत्तर के असम व मेघालय में पिछले दो दिनों में 33 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लाखों बाढ़ में फंसे हैं। मेघालय में बाढ़ और भूस्खलन से 17 लोगों के मारे जाने की खबर है, वहीं असम के गुवाहाटी सहित कई जिलों में 16 लोग बाढ़ की चपेट में आकर जान गंवा बैठे। यहां वायु सेना के हेलीकॉप्टर बचाव कार्य में लगे हैं।
असम के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रमुख प्रमोद तिवारी ने बताया कि मेघालय के गारो हिल्स जिले में 50 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आए हैं। असम के ग्वालपाड़ा जिले में भी इतने ही लोग बाढ़ की चपेट में हैं। यहां 78 राहत शिविर लगाए गए हैं। सेना, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें भी राहत व बचाव कार्य में लगी हैं। भारी बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग 37 व इसके साथ जुड़ने वाले रास्ते पूरी तरह डूब चुके हैं। प्रदेश के धुबरी जिले में बांग्लादेश से छोड़े गए पानी के कारण ब्रह्ममपुत्र नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जिले के उपायुक्त कुमुद कलिता ने बताया कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। मोरीगांव जिले में रेल सेवा भी बाधित है, जबकि सोणितपुर व कामरूप जिला सहित प्रदेश में साढे़ तीन लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं।
मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में भूस्खलन से एक गर्भवती महिला सहित आठ लोग जिंदा दफन हो गए। बचाए गए एक व्यक्ति ने बताया कि भूस्खलन से भारी मात्रा में मलबा घर के ऊपर आ गिरा। इसमें दो महिलाओं समेत आठ लोग दब गए। प्रदेश के अन्य जिलों में भी बाढ़ के चलते नौ और लोगों ने जान गंवाई।