मोदी ने रमन के बहाने, नीतीश को मारे ताने
नरेंद्र मोदी आज छत्तीसगढ़ में रमन सिंह की अगुवाई वाली भाजपा सरकार की पीठ थपथपा रहे थे, लेकिन अपने चिर प्रतिद्वंद्वी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलने से नहीं चूके।
मोदी ने नीतीश को अहंकार से भरा मुख्यमंत्री करार दिया। जगदलपुर में आयोजित रैली में मोदी ने नीतीश को ऐसे ‘हुंकारी’ मुख्यमंत्री के रूप में पेश किया, जो पटना की भाजपा रैली में हुए सीरियल ब्लास्ट के बाद ऐसे जाहिर कर रहे थे, जैसे उन्हें इसकी खुशी होगी।
भाजपा के पीएम पद के दावेदार मोदी जिस रैली को संबोधित करने वाले थे, उसमें हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में सात लोग मारे गए, जबकि 83 अन्य जख्मी हुए।
भाजपा ने इसे नीतीश कुमार और उनकी सरकार की आपराधिक लापरवाही करार दिया था। मोदी ने गुरुवार को रमन सिंह और नीतीश कुमार के बीच तुलना करते हुए कहा कि दो राज्यों के दो मुख्यमंत्रियों के बीच कितनी असमानता रही।
उन्होंने कहा, “माओवादियों के हमले में जब कांग्रेस के कई नेता मारे गए, तो रमन सिंह यात्रा पर निकले हुए थे। उन्होंने यात्रा रद्द की। जो नेता मारे गए थे, उनके घर खुद गए। और जिन लोगों ने उस वक्त रमन सिंह का चेहरा देखा होगा, उन्हें उनकी पीड़ा का भी अंदाजा हुआ होगा।”
मोदी ने कहा, “दूसरे मुख्यमंत्री बिहार के हैं। पटना में जब भाजपा की रैली में धमाके हुए, तो वहां छप्पन भोग हो रहे थे। और उनकी बॉडी लैंग्वेज देखकर ऐसा लगा, जैसा कुछ हुआ ही नहीं। जब चूक को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने मना कर दिया।”
पटना रैली में नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार पर एक के बाद कई हमले बोले थे। इसके कुछ ही दिन बाद नालंदा में जनता दल युनाइटेड की कार्यकारिणी में नीतीश ने मोदी पर जवाबी हमला बोला।
आज बारी मोदी की थी। उन्होंने कहा, “दोनों मुख्यमंत्रियों के व्यवहार में साफ अंतर पता लग गया था। एक हमले के बाद मुख्यमंत्री को कैसा व्यवहार करना चाहिए, यह रमन सिंह ने दिखाया।”