मोदी की झांसी रैली में जुटेंगे दिग्गज
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार व गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की शुक्रवार को झांसी में प्रस्तावित ‘विजय शंखनाद रैली’ की तैयारियों को भाजपा ने अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी अमित शाह भी झांसी पहुंच गए हैं।
उनकी देखरेख में रैली की तैयारियों को फाइनल टच दिया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी झांसी में ही हैं।
पार्टी प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने बताया कि रैली में नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, उमा भारती रहेंगे। रैली दोपहर एक बजे शुरू हो जाएगी। मोदी अपराह्न तीन बजे पहुंचेंगे।
दो मंच बनाए
प्रवक्ता के अनुसार, सुरक्षा और सुविधा की दृष्टि से दो मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच के बगल में एक मंच बनाया गया है।
जिस पर बुंदेलखंड के पार्टी नेता और चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व जालौन के जिलाध्यक्ष बैठेंगे।
पाठक ने दावा किया कि कानपुर रैली में जुटी भीड़ से पार्टी कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह है। झांसी रैली भी ऐतिहासिक होगी। रैली स्थल पर छात्रों, महिलाओं व प्रबुद्ध नागरिकों के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं।