ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले रिठाला के विधायक कुलवंत राणा वर्तमान में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। वह लगातार दो बार विधायक रहे हैं। उन्हें वर्ष 2003 में दिल्ली का सबसे कम उम्र का विधायक बनने का भी गौरव हासिल है। भाजपा किसान मोर्चा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनकी गिनती दिल्ली के कद्दावर नेताओं में की जाती है। विधान सभा चुनाव की तैयारियों सहित अन्य मुद्दों को लेकर संवाददाता संजय सलिल ने बातचीत की।
-जनता भाजपा को वोट क्यों देगी?
वर्ष 1993 से 1998 तक दिल्ली में भाजपा की सरकार रही। इस दौरान सरकार ने विकास कार्यो की झड़ी लगाई। दिल्ली में एक जिले से नौ जिले किए गए। नए विश्वविद्यालय, स्कूल, अस्पताल खोले गए। सड़कों का निर्माण व चौड़ीकरण किया गया। लोगों को मेट्रो की सुविधा दी गई। पानी व बिजली की स्थिति में सुधार किया गया। भाजपा विकास की राजनीति करती है। गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार ने बेहतर काम किया है। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में देश को नई दिशा मिली। यही कारण है कि लोग भाजपा को वोट देकर विजयी बनाएंगे।
तीन विधान सभा चुनावों में जनता ने फिर क्यों नकार दिया?
-जनता भाजपा को चाह रही थी, लेकिन शीर्ष नेतृत्व के निर्णयों के कारण भाजपा सत्ता से दूर रही। उनके निर्णयों के कारण ही सरकार नहीं बन सकी। गत चुनाव में विजय कुमार मल्होत्रा को मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी बनाने का निर्णय सही था, लेकिन उनके द्वारा टिकट बंटवारे के निर्णय से लोग सहमत नहीं थे।
-प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने आपको उपाध्यक्ष बनाया। विजय व हर्षवर्धन में बेहतर कौन हैं?
दोनों के अपने-अपने गुण हैं। दोनों बेहतर हैं। विजय गोयल मेहनती हैं। उन्होंने आठ महीने के अपने कार्यकाल में कांग्रेस सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। डॉ. हर्षवर्धन ईमानदार हैं। वह भाजपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वह प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। पार्टी ने जो निर्णय किया है, वह सही है।
विधान सभा चुनाव में नरेंद्र मोदी फैक्टर कितना कारगर होगा?
नरेंद्र मोदी की कार्यशैली बेहतर है। उनमें देश हित में सही निर्णय लेने की क्षमता है। उनकी इच्छाशक्ति दृढ़ है। उनके पास देश के विकास के लिए दूरगामी योजना है। यही कारण है कि लोग उनके नेतृत्व में केंद्र में सरकार चाहते हैं। उनकी हर सभा में चार से पांच लाख लोग आते हैं। विधान सभा चुनाव में उनका असर देखने को मिलेगा।
आप पर अधिकारियों के अलावा पार्टी के दलित कार्यकर्ता से दुर्व्यव्हार का आरोप है। जेल भी जाना पड़ा। क्या जनप्रतिनिधि को ऐसा आचरण करना चाहिए?
-मैं संस्कारवान परिवार से हूं। मेरे दादाजी ने तीन स्कूलों का निर्माण कराया। पिताजी जी हमेशा समाज सेवा में आगे रहे। जनता की समस्याओं को दूर करना मेरी पहली प्राथमिकता है। अधिकारी समय पर काम नहीं करते हैं। जनता की समस्याओं को दूर करवाने के संदर्भ में मेरी उनसे नोंकझोंक हुई। मैं लोगों की समस्याओं को आत्मीयता से लेता हूं। किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है और न ही स्वार्थ के चलते मेरे ऊपर मुकदमे हुए हैं।
किन मुद्दों पर वोट मांगेंगे?
पांच साल में रिठाला को विकसित विधानसभा क्षेत्र बना देंगे। यातायात व्यवस्था सुचारू करेंगे। बडे़ नाले पर सड़क निर्माण, बुध विहार फेज दो व विजय विहार, बुध विहार में रसोई गैस की पाइप लाइन डलवाने का काम किया जाएगा।