तेजी के मूड में बाजार, सेंसेक्स फिर बना 21 हजारी
नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार कारोबार की शुरुआत में ही तेजी के मूड में दिखा। अमेरिका में क्यूई3 जारी रहने की संभावना से बाजारों को प्रोत्साहन मिला। क्यूई3 जारी रहने की उम्मीद में शेयर बाजार 3.5 साल की ऊंचाई पर पहुंचे। 30 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स अब तक के सबसे उच्चतम स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स 104.96 अंक चढ़कर 21,033.97 और निफ्टी 30.80 अंक चढ़कर 6251.70 पर बंद हुए। मिडकैप शेयरों में मामूली बढ़त रही। स्मॉलकैप शेयर 0.75 फीसद मजबूत हुए। मजबूत अंतर्राष्ट्रीय संकेतों की वजह से बाजार बढ़त पर खुले। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 100 अंक से ज्यादा चढ़कर 21000 के पार पहुंचा। निफ्टी भी 6250 के स्तर पर पहुंचा।
हालांकि, रुपये में कमजोरी आने की वजह से बाजार ऊपरी स्तरों से थोड़ा फिसले। सेंसेक्स 21000 के नीचे आया। मिडकैप शेयरों ने भी मजबूती गंवाई। लेकिन, स्मॉलकैप शेयर चढ़े। मजबूत यूरोपीय संकेतों से बाजार में तेजी बढ़ी। सेंसेक्स फिर 21000 के ऊपर लौटा। निफ्टी में करीब 50 अंक की तेजी आई। आखिरी कारोबार में बाजार में उतार-चढ़ाव दिखा।