आज नहीं आ पाएगी भाजपा की पहली सूची!

नई दिल्ली : मतदान से चंद हफ्ते पहले मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा करने वाली भाजपा टिकट वितरण के मामले में फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। यही वजह है कि अब तक पार्टी प्रत्याशियों का चयन नहीं कर पाई है। बुधवार को हुई प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में कोई निर्णय नहीं लिया जा सका, जिसके चलते बृहस्पतिवार को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में दिल्ली के उम्मीदवारों की घोषणा न होने की पुख्ता संभावना है।

उम्मीदवारों का चयन करने के लिए बुधवार को प्रदेश प्रभारी नितिन गडकरी की अध्यक्षता में कोर ग्रुप की बैठक हुई, जिसमें केवल यह तय किया गया कि उम्मीदवार कैसा होना चाहिए। यहां यह उल्लेखनीय है कि भाजपा ने सबसे पहले 15 सितंबर तक अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने की घोषणा की थी, लेकिन यह लगातार टलता जा रहा है। यह मामला उस समय और पेचीदा हो गया, जबकि भाजपा के संसदीय दल ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन की घोषणा कर दी, जबकि प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल इसके दावेदार माने जा रहे थे। इसके चलते पार्टी में गुटबाजी की संभावना बढ़ गई है।

माना यह जा रहा है कि पार्टी नेता दीपावली के बाद ही टिकट की घोषणा करने पर विचार कर रहे हैं। इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता दावेदारों को मनाने का काम करेंगे, ताकि बागियों की फौज न खड़ी हो जाए और चुनाव में परेशानी का सबब न बन जाए। उधर, भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि सूची बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दिल्ली चुनाव समिति की बैठक एक दो दिनों में होगी। कोशिश रहेगी कि दीपावली के पहले पहली सूची जारी कर दी जाए। हालाकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी जल्दी क्या है।

‘बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय चुनाव समिति की बैठक होनी है। इस बैठक में राजस्थान और मध्यप्रदेश के प्रत्याशियों पर राष्ट्रीय नेता चर्चा करेगे। अगली बैठक में दिल्ली के प्रत्याशियों पर चर्चा होगी।’

-डॉ. हर्षवर्धन, भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार