main newsराजनीति

एग्जिट पोलः कर्नाटक में कांग्रेस की लहर, BJP को भारी नुकसान

karnataka-electionनई दिल्ली।। 2014 में होने वाले आम चुनावों का क्वॉर्टर फाइनल माने जा रहे कर्नाटक विधानसभा चुनावों में बीजेपी का पत्ता साफ कर कांग्रेस शानदार बहुमत के साथ सत्ता में आती दिख रही है। कर्नाटक में एग्जिट पोल के नतीजे यही इशारा कर रहे हैं। सी वोटर और टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल के मुताबिक कर्नाटक में मोदी का ‘मैजिक’ फेल रहा है और येदयुरप्पा फैक्टर बीजेपी को बड़ा भारी पड़ा है। राज्य में उसकी सीटें घटकर आधी रह जाएंगी, जबकि कांग्रेस जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए बहुमत का आंकड़ा आराम से पार कर लेगी।

सी वोटर का एग्जिट पोलः सी वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक राज्य में कांग्रेस को 223 में से 114 सीटें मिल सकती हैं।(गौरतलब है कि कर्नाटक की कुल 224 विधानसभा सीटों में 223 सीटों के लिए ही वोटिंग हुई है।) कांग्रेस को 2008 के विधानसभा चुनावों में 80 सीटें मिली थीं। इस तरह उसे 34 सीटों का फायदा होने का अनुमान है। वहीं सत्तारूढ़ बीजेपी को तगड़ा झटका लग सकता है। एग्जिट पोल के मुताबिक दक्षिण भारत में बीजेपी के कर्नाटक के इकलौते किले का ढहना तय है। लिंगायत समुदाय के नेता येदयुरप्पा के बीजेपी से अलग होने से पार्टी को बड़ा नुकसान होगा।

बीजेपी को पिछले विधानसभा चुनाव में मिली 110 सीटों से घटकर आधी यानी 55 पर आने का अनुमान है। सी वोटर के मुताबिक येदयुरप्पा की कर्नाटक जनता पार्टी (केजेपी) को 11 सीटें मिल सकती हैं। जेडी (एस) को 34 और अन्य को 9 सीटें मिलने का अनुमान है।

वहीं टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। टुडेज चाणक्य के पोल के मुताबिक कांग्रेस को 132 सीटें तक मिल सकती हैं। कांग्रेस का वोट प्रतिशत 2 फीसदी इजाफे के साथ 37 होने का अनुमान है। वहीं बीजेपी को 38, जेडी(एस) को 38 और येदयुरप्पा की पार्टी केजीपी और अन्य को 15 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।

पार्टी 2008 में वोट 2003 में अनुमानित वोट 2008 में सीटें 2013 की अनुमानित सीटें
कांग्रेस 35% 37% ± 3% 80 132 ± 11
बीजेपी 34% 24% ± 3% 110 38 ± 7
जेडीएस 19% 22% ± 3% 28 38 ± 7
केजेपी/अन्य 12% 17% ± 3% 6 15± 7

नोटः सीटें ± के हिसाब से घट बढ़ सकती हैं।

न्यूज चैनल सीएनएन-आईबीएन के अनुमानों के अनुसार 224 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 110 से 116 सीटें मिल सकती हैं, जबकि बीजेपी 43 से 53 सीटों तक सिमट सकती है। इसमें जेडीएस को भी 43 से 53 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। अन्य को 16 से 24 सीटें मिलने की संभावना है। चैनल ने कहा कि बीजेपी के खिलाफ सत्ताविरोधी दोहरी लहर का प्रभाव रहा। इसमें से एक सरकार के खिलाफ और दूसरी तटवर्ती कर्नाटक में उन विधायकों के खिलाफ रही, जिन्होंने 2 से 3 कार्यकाल पूरे कर लिए थे। इससे कांग्रेस को फायदा हुआ है।

NCR Khabar News Desk

एनसीआर खबर.कॉम दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित और नं.1 हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews@ncrkhabar.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं

Related Articles

Back to top button