
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी आज (6 अप्रैल) 38वें स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच लोकसभा सीटों के पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्टी की 734 जिला इकाइयों के अध्यक्षों से संवाद करेंगे। भाजपा ने गुरुवार की एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी अपने ऐप के जरिये वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इन सभी कार्यकर्ताओं और अध्यक्षों से संवाद करेंगे। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी इस मौके पर मुंबई में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यकर्ताओं से संवाद के लिए जिन पांच लोकसभा क्षेत्रों का चयन किया गया है उनमें नई दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), उत्तर-मध्य मुंबई और सारण (बिहार) शामिल हैं। इन सीटों से क्रमश: मीनाक्षी लेखी, मनोज तिवारी, अनुराग ठाकुर, पूनम महाजन और राजीव प्रताप रूढ़ी सांसद हैं।