देशभर में धूमधाम से मन रही है ईद
नई दिल्ली।। देशभर में आज ईद की धूम है। ईद की नमाज के बाद एक-दूसरे को बधाई देने, ईदी और पकवानों का दौर जारी है। दिल्ली में सुबह जामा मस्जिद में ईद की नमाज पढ़ी गई। देश के बाकी हिस्सों से भी ईद का त्योहार धूमधाम से मनाए जाने जाने की खबरें है। गुरुवार शाम सबसे पहले असम में चांद दिखने के बाद शुक्रवार को ईद तय हो गई थी। इसके कुछ ही देर बाद दिल्ली समेत देश के बाकी हिस्सों में भी चांद दिखा।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने ईद उल फितर के मौके पर देशवासियों को बधाई दी है। जामा मस्जिद के इमाम अहमद बुखारी ने लोगों को ईद की बधाई दी है। इस मौके पर बधाई और शुभकामना व्यक्त करते हुए सोनिया गांधी ने अपने संदेश में कहा कि यह त्योहार लोगों को सद्भावपूर्ण सहअस्तित्व और विविध आस्थाओं वाले लोगों के प्रति सम्मान रखने की याद दिलाता है।
लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने अपने संदेश में कहा कि ईद उल फितर का त्योहार रमजान के मुबारक महीने के आखिरी दिन मनाया जाता है और यह क्षमाशीलता, कुर्बानी और परोपकार का प्रतीक है। आइए इस अवसर पर हम सभी क्षेत्रों और लोगों को अमन और भाईचारे का संदेश दें। कुमार ने कहा कि हम एक ऐसे मेलजोल भरे समाज की स्थापना करें जिसमें हर एक को इज्जत से जीने का हक मिले।