गाजियाबाद । सिहानी गेट थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रविवार तड़के शौच के लिए निकली किशोरी को पड़ोसी युवकों ने बंधक बना लिया और उसके गले में फंदा डालकर गैंगरेप किया। वारदात केबाद आरोपियों ने किशोरी को किसी को वारदात के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। दरिंदों के चंगुल से छूटने केबाद किशोरी ने शोर मचा दिया। लोगों ने एक आरोपी को दबोच लिया। दो फरार हो गए। लोगों ने आरोपी को जमकर धुना और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के पिता ने पड़ोसी तीन युवकों के विरुद्ध गैंगरेप का मामला दर्ज कराया है।
सिहानी गेट थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में सुनील अपनी 15 वर्षीय पुत्री पिंकी (दोनों परिवर्तित नाम) के साथ रह कर खराद मशीन पर काम करता है। उसी के पड़ोस वाले कमरे में भोजपुर थाना क्षेत्र के तोड़ी गांव निवासी शेरू उर्फ शेर मोहम्मद व उसके दो भतीजे शादान व साहिब रहते हैं। ये तीनों हलवाई का काम करते हैं। रविवार सुबह करीब चार बजे पिंकी शौच के लिए आंगन में बने संयुक्त शौचालय में आई। वहां शेरू ने उसके मुंह पर कपड़ा रखा और अपने कमरे में उठा ले गया। वहां उसके दोनों भतीजे भी थे। उन्होंने पिंकी के गले में फंदा डालकर खाट से बांध दिया और उससे गैंगरेप किया।
आरोपियों ने किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। पिंकी ने बाहर निकल कर शोर मचा दिया। आसपास के लोग एकत्र हो गए और उन्होंने शेरू को पकड़कर जमकर पीटा। शादान व साहिब मौके से भाग निकले।