भारत के सफल मिसाइल परीक्षणों से घबराया पाकिस्तान, MTCR में की शिकायत

भारत द्वारा परमाणु क्षमता से लैस स्ट्रैटजिक मिसाइल अग्नि-4 के सफल परीक्षण ने पाकिस्तान की नींद उड़ा दी है। भारत के परीक्षण से घराबए पाकिस्तान ने भारतीय मिसाइल कार्यक्रम को क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा बताते हुए मिसाइल टेक्नॉलजी कंट्रोल रेजीम (MTCR) में इसपर चिंता जाहिर की है।

समाचार पत्र एक्प्रेस ट्रिब्यून के अनुसार पाकिस्तान ने बुधवार को MTCR में इसपर चिंता जताई है। MTCR 35 देशों का समूह है। MTCR, एनएसजी जैसा ही एक ग्रुप है जिसके तहत ये देश मिलकर सामान्य हथियारों, परमाणु हथियारों, जैविक और रासायनिक हथियारों और तकनीक पर नियंत्रण करते हैं। MTCR का मुख्य उद्देश्य मिसाइलों, संपूर्ण रॉकेट प्रणालियों, मानवरहित विमानों और इससे जुड़ी तकनीक के प्रसार को रोकना है। इसके अलावा MTCR व्यापक जनसंहार के हथियारों के प्रसार को रोकने का भी काम करता है। पाकिस्तान ने देश में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से मिलने आए MTCR प्रतिनिधिमंडल से यह चिंता जताई है।