पाकिस्तान के पास भारत से ज्यादा परमाणु हथियार
वाशिंगटन। भारत के साथ कड़वे रिश्तों के बीच पाकिस्तान अपनी परमाणु क्षमता बढ़ाता जा रहा है। पाकिस्तान के पास भारत और इजरायल से ज्यादा परमाणु हथियार हैं। पिछले साल तक पाकिस्तान के पास 120 परमाणु हथियार थे। यह संख्या भारत के परमाणु हथियारों की तुलना में 10 अधिक थी। इजरायल के पास भी 80 परमाणु हथियार थे। परमाणु वैज्ञानिकों के बुलेटिन द्वारा विकसित नए इंटरैक्टिव इंफोग्राफ से यह खुलासा हुआ है।
शिकागो विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा 1945 में स्थापित बुलेटिन द्वारा विकसित यह इंफोग्राफिक नौ परमाणु क्षमता संपन्न राष्ट्रों के परमाणु हथियारों की संख्या और इतिहास का पता लगाता है। शिकागो के वैज्ञानिकों ने मैनहट्टन परियोजना के तहत सबसे पहला परमाणु हथियार विकसित करने में मदद की थी।
न्यूक्लियर नोटबुक इंटरैक्टिव इंफोग्राफिक, बुलेटिन के उस न्यूक्लियर नोटबुक का दृश्य आंकड़ा पेश करता है, जिसने 1987 से विश्र्व भर के परमाणु हथियारों की संख्या और प्रकार का पता लगाया है। ताजा संस्करण में लेखकों ने नोटबुक के 28 साल के इतिहास पर चर्चा की है।
इंफोग्राफिक के अनुसार, 1980 में जब तत्कालीन सोवियत संघ और अमेरिका के बीच शीतयुद्ध चरम पर था, तब परमाणु हथियारों की संख्या 65 हजार तक पहुंच गई थी। इस समय भी दुनियाभर में दस हजार से अधिक परमाणु हथियार हैं।
बुलेटिन की कार्यकारी निदेशक रेचल ब्रॉन्सन ने कहा, लोगों को यह नहीं पता कि अभी भी दुनियाभर में कितने परमाणु हथियार हैं। ब्रॉन्सन के मुताबिक इंटरैक्टिव इंफोग्राफिक के जरियेयह पता लगाया जाता है कि किस देश के पास परमाणु हथियार है और उसने इसे कब विकसित किया। इस तरह यह पता लगाया जा सकता है कि दुनिया में कितने परमाणु हथियार हैं। बुलेटिन के संपादक जॉन मेकलिन ने बताया, नया इंफोग्राफिक इस महत्वपूर्ण सूचना को और अधिक सुलभ बनाता है।
किस देश के पास कितने हथियार
-अमेरिका 5,000
-रूस 5,000
-फ्रांस 300
-चीन 250
-ब्रिटेन 225
-पाकिस्तान 120
-भारत 100
-इजरायल 80
वर्ष 2006, 2009 और 2013 में परमाणु परीक्षण कर चुके उत्तर कोरिया के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है।