दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने दिल्ली सरकार में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और तीनों नगर निगम की अगुवाई कर रही भाजपा पर एक साथ निशाना साधा।
उन्होंने सवाल किया कि जब लोगों को बिजली कटौती के बारे में बताना है और भ्रष्टाचार के लिए उन्हें ही स्टिंग करना है तो आप सरकार क्या करेगी?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली शुक्रवार को नगर निगम के मुख्यालय सिविक सेंटर में तीनों नगर निगम के कांग्रेस पार्षदों की ओर से आयोजित अपने स्वागत समारोह में बोल रहे थे।
उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुझाव दिया कि वह घोषणाएं करने में दिए जाने वाले समय में से 10 प्रतिशत हिस्सा वर्तमान सुविधाएं सुचारू रूप से चलाने के लिए दें तो बेहतर होगा। घोषणाएं करने से पहले कानूनी राय लें तो बेहतर रहेगा।
उन्होंने पार्षदों में जोश भरते हुए कहा कि उनकी उपेक्षा नहीं की जाएगी और वह विधानसभा में हुई हार से निराश न हों। पार्टी में उनका कद महत्वपूर्ण होने वाला है। उनके इलाके की समस्याओं को एकजुट होकर उठाया जाएगा।
उन्होंने पार्षदों से आग्रह किया कि वह आप सरकार की बिजली दरों में कटौती और मुफ्त पानी देने की घोषणाओं की असलियत जनता को बताएं।
कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक दल के नेता हारून यूसुफ ने कहा कि आप का भी जनता पार्टी जैसा हश्र होगा। वह जल्द ही वादे पूरे नहीं होने पर सरकार को घेरेंगे।
उन्होंने महंगाई मुद्दे पर चुप्पी को लेकर आप सरकार पर निशाना साधा। इससे पहले तीनों नगर निगम में विपक्ष के नेता मुकेश गोयल, फरहाद सूरी और वरयाम कौर ने उनसे कहा कि पार्षदों की लगातार उपेक्षा हो रही है। अब ऐसा नहीं होने का आग्रह किया।