आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर सीएसडीएस के सर्वे के अनुसार आम आदमी पार्टी भाजपा और कांग्रेस को कड़ी टक्कर देने वाली है।
सीएसडीएस के सर्वे ते मुताबिक दिल्ली में तीनों पार्टियों में कड़ा मुकाबला होने के आसार है। कोई भी पार्टी बहुमत की ओर जाती नहीं दिखाई दे रही है।
प्री-पोल के सर्वे में चौंकाने वाले नतीजे सामने आएं हैं। आम आदमी पार्टी दिल्ली में दूसरी बड़ी पार्टी के तौर पर उभर रही है।
सर्वे के मुताबिक अगर आज चुनाव हो तो भाजपा दिल्ली में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभर रही है तो वहीं आम आदमी पार्टी कांग्रेस को पछाड़ते हुए दूसरे नंबर पर नजर आ रही है।
वोट शेयर में भी ‘आप’ को फायदा
वोट शेयर की बात की जाए तो भाजपा को सबसे अधिक 29 फीसदी वोट मिल सकते हैं। वहीं कांग्रेस को 27 फीसदी वोट मिल सकते हैं। सबसे चौंकाने वाले आंकड़े आम आदमी पार्टी को लेकर हैं। सर्वे आप पार्टी को 28 फीसदी वोट दे रहा है।
अगर सीटों की बात की जाए तो फिलहाल की स्थिति में भाजपा को 22 से 28 सीट मिल सकती हैं तो कांग्रेस को 19 से 25 सीटें मिल सकती हैं। वहीं आम आदमी पार्टी की बात की जाए तो उसे कांग्रेस के ही बराबर 19 से 25 सीटें तक मिल सकती हैं।
इन आंकड़ों के मुताबिक इन चुनावों में कोई भी पार्टी सीधे बहुमत हासिल करती नजर नहीं आ रही है।
लेकिन इस सर्वे में सीधा फायदा आम आदमी पार्टी को होता नजर आ रहा है। पहली बार चुनावों में भाग ले रही आप दोनों दलों को कड़ा झटका दे रही है।
सर्वे के मुताबिक आम आदमी पार्टी सबसे ज्यादा नुकसान भाजपा को दे रही है। कांग्रेस और भाजपा से छिटक रहे वोट आम आदमी पार्टी बटोर रही है।
वहीं दूसरे दलों की बात करें तो इन आगामी विधानसभा चुनावों में बीएसपी को इस बार 7 फीसदी वोट मिल सकते हैं और अन्य दलों के खाते में 9 फीसदी।