भोपाल – कार्यक्रम में मौजूद विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने एक बार फिर नरेंद्र मोदी की तारीफों के पुल बांधे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में जल्द ही होने वाले विधानसभा चुनाव में यदि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैट्रिक बनाएंगे तो 2014 में मोदी को भारत का प्रधानमंत्री बनने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।
संप्रग सरकार पर हमला बोलते हुए राजनाथ ने कहा कि उसकी अक्षमता के चलते ही देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा गंभीर परिस्थितियों से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब कांग्रेस के समकक्ष नहीं बल्कि उससे बड़ी पार्टी हो गई है। शिवराज सिंह चौहान की तारीफ करते हुए कहा कि सीएम के रूप में चौहान ने शासक नहीं बल्कि जनता के सेवक की भूमिका निभाई है। वहीं लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने कहा कि आगामी चुनावों में जनता का वोट भाजपा को ही मिलेगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को मतदाता व पोलिंग बूथ के बीच पुल की भूमिका निभानी होगी।