प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अदाणी समूह (Adani Group) से जुड़े मामलों पर विपक्षी दलों के आरोपों के बीच गुरुवार को कहा कि उनके ऊपर जितना कीचड़ उछाला जाएगा, कमल उतना ही खिलेगा। प्रधानमंत्री ने जैसे ही जवाब देना आरंभ किया वैसे ही कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित कुछ विपक्षी दलों के सदस्य आसन के निकट आ गए और नारेबाजी करने लगे। सदस्यों की नारेबाजी के बीच मोदी ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने महत्वपूर्ण सदन में कुछ लोगों का व्यवहार, कुछ लोगों की वाणी ना सिर्फ सदन को बल्कि देश को निराश करने वाली रही है।’’
बार-बार कांग्रेस को नकार रहा देशः पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि हम देश को विकास का एक ऐसा मॉडल दे रहे हैं, जिसमें हित धारकों को उसके सभी अधिकार मिलें। उन्होंने कहा कि देश बार-बार कांग्रेस को नकार रहा है, लेकिन इसके बाद भी कांग्रेस अपनी साजिशों से बाज नहीं आ रही है। जनता न केवल उनको देख रही है, बल्कि सजा भी दे रही है।
कुछ लोग सदन को करते हैं निराशः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि बीते दशकों में अनेक बुद्धिजीवियों ने इस सदन से देश को दिशा दी है, देश का मार्गदर्शन किया है। इस देश में जो भी बात होती है उसे देश बहुत गंभीरता से सुनता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोगों का व्यवहार और वाणी न केवल सदन, बल्कि देश को निराश करने वाली है।