दिल्ली: रेस्टोरेंट में हुआ LIVE एनकांटर, एक की मौत

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुख्यात बदमाश मनोज कुमार वशिष्ठ को शनिवार रात राजेंद्र नगर इलाके में मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ एक रेस्टोरेंट में हुई। बदमाश ने पुलिस टीम को देखकर गोली चला दी।
जवाबी गोलीबारी में मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। उस पर दिल्ली और पंजाब में फर्जीवाड़े के कई मामले दर्र्ज हैं। दिल्ली पुलिस को कई मामलों में इसकी तलाश थी।
स्पेशल सेल के स्पेशल सीपी एसएन श्रीवास्तव ने बताया कि मनोज कुमार वशिष्ठ (37) बागपत जिले का रहने वाला था। दिल्ली के राजेंद्र नगर में उसका कार्यालय है। शनिवार को वह किसी को राजेंद्र नगर स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में मिलने के लिए बुलाया था।रात करीब नौ बजे वह रेस्टोरेंट में पहुंच गया, जबकि मिलने वाला नहीं पहुंचा। वह रेस्टोरेंट में उसका इंतजार कर रहा था। सूचना मिलने पर इसी बीच इंस्पेक्टर संजय दत्त के नेतृत्व में चार पुलिसकर्मी रेस्टोरेंट पहुंचे और उसे गिरफ्तार करने के लिए आगे बढ़े।
मनोज ने पिस्टल से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में एक गोली मनोज की छाती में लगी और वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मनोज के खिलाफ आर्थिक अपराध शाखा में ठगी के 8-10 मामले दर्ज हैं। पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी ने उस पर इनाम घोषित कर रखा था। मनोज पर दिल्ली के अलावा चंडीगढ़ में भी फर्जीवाड़े के कई मामले दर्ज हैं।पुलिस उसे गिरफ्तार करने की नीयत से वहां पहुंची थी, लेकिन पुलिस टीम को देखते ही उसने गोली चला दी। इसके बाद पुलिस भी सकते में आ गई। उस समय रेस्टोरेंट में भी काफी लोेग जमा थे।
गोली चलते ही वहां अफरातफरी मच गई। वहीं, मनोज की पत्नी प्रियंका ने मुठभेड़ को फर्जी बताया है। मनोज अपनी पत्नी प्रियंका के साथ ठगी की वारदात को अंजाम देता था। उसकी पत्नी जिला पंचायत की सदस्य है।
वर्ष 2002 में जनकपुरी के एक मामले में दोनों ने करीब छह हजार युवाओं से करोड़ों की ठगी को अंजाम दिया था। उसने लोगों से डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद के लिए आवेदन करवाया और सभी से 11 हजार रुपये ले लिए।