ग़ाज़ियाबाद, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेसियों को प्रदर्शन करना भारी पड़ गया। केंद्र सरकार और मोदी के विरोध में मोदी का पुतला फूंकते वक़्त कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता खुद बुरी तरह झुलस गयी।
पीएम का पुतला फूंकते वक्त हुआ हादसा
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जिले में विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश की। इस दौरान वहां पर मोदी का पुतला फूंका गया। पुतला फूंकते समय ही एक महिला कार्यकर्ता के हाथ जल गए। इसको लेकर काफी देर तक अफरातफरी रही। इस दौरान यहां पर जाम की स्थिति बन गई।
हालाँकि बाद हालात सामान्य होने पर कांग्रेसी जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां पहुंचकर जिला अधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान तस्वीर खींचने में धक्का-मुक्की की वजह से ये घटना हुयी।
केंद्र की नीतियों के खिलाफ था प्रदर्शन
बुधवार को जिले के भीड़भाड़ वाले पुराने बस अड्डा चौराहे पर सैकड़ों कांग्रेसियों ने दोपहर 12 बजे मोदी का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरेंद्र कसाना ने बताया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोलियम व खाद्य पदार्थों के अलावा अन्य चीजों पर भी महंगाई की मार है। किसानों की समस्याएं भी बढ़ रही है। राष्ट्रपति को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस की 11 सूत्रीय मांग शामिल हैं।