सोनिया गांधी के निजी सचिव माधवन के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज
पुलिस ने सोनिया गांधी के निजी सचिव पीपी माधवन के खिलाफ दुष्कर्म और धमकाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 26 वर्षीय एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि माधवन ने नौकरी और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।जिला पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन ने कहा है कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा देने की मांग की है।
महिला का पति कांग्रेसी कार्यकर्ता था, होर्डिंग-बैनर लगाने का काम करता था। इसी वजह से वह कांग्रेस पार्टी के संपर्क में आई और उसका पार्टी के दफ्तर और कार्यक्रमों में आना-जाना शुरू हो गया। 2020 में उसके पति की मौत हो गई। पति की मौत और कोरोना के कारण उसे खाने के भी लाले पड़ गए।वह मदद के लिए पार्टी दफ्तर गई तो वहां उसे किसी कार्यकर्ता ने सोनिया गांधी के पीए पीपी माधवन का मोबाइल नंबर दे दिया। फोन पर उसने माधवन को अपनी माली हालत के बारे में बताया और काम दिलाने का अनुरोध किया। इसके बाद अक्सर माधवन और महिला के बीच बातचीत होने लगी। 21 जनवरी 2022 को माधवन ने उसे नौकरी के लिए इंटरव्यू देने की बात की और पीड़िता को बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। वह अकेला है और उससे शादी करना चाहता है। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां और बढ़ गईं। एक दिन आरोपी ने उसे रात को मिलने के लिए उत्तम नगर बुलाया। पहले महिला ने मना कर दिया, लेकिन जिद करने पर चली गई। आरोपी ने महिला को गाड़ी में बिठाकर अपने चालक को कार से उतार दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उसने उसके साथ गंदा काम किया।