यमुना प्राधिकरण का बड़ा एक्शन : एयरपोर्ट क्षेत्र में काटी जा रहीं कॉलोनियों को ध्वस्त किया

यमुना प्राधिकरण एयरपोर्ट क्षेत्र में काटी जा रहीं कॉलोनियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है। मंगलवार को प्राधिकरण की टीम ने काटी जा रही तीन कालोनियों को उजाड़ दिया। ये कॉलोनी करीब 40 हेक्टेयर जमीन में काटी जा रही थीं। प्राधिकरण कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएगा।

आपको बता दें कि एयरपोर्ट क्षेत्र में कॉलोनाइजर अवैध कॉलोनी काट रहे हैं। जेवर एयरपोर्ट के पास मकान बनाने का सपना दिखाकर भोले भाले लोगों को प्लॉट बेच रहे हैं। इसकी शिकायत यमुना प्राधिकरण के पास भी पहुंची। मंगलवार को भी प्राधिकरण की टीम दल बल के साथ झाझर से सटे अधिसूचित क्षेत्र में पहुंची। यहां पर एयरोस्पेस, यमुना विहार और अपना घर नाम से कॉलोनी काटी जा रही हैं। पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने वहां काटी जा रही कॉलोनी में तोड़फोड़ शुरू कर दी। सड़कों को उखाड़ दिया। वहां बने अस्थाई निर्माण को ढहा दिया।
यमुना प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र सिंह के अनुसार मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। झाझर से सटे इलाके में काटी जा रही कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया गया। ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी गतिविधि ना कर सकें।