नोएडा : महिला डॉक्टर ने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर जान दी
सेक्टर-22 में मंगलवार को महिला डॉक्टर ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। डॉक्टर के पास से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। इसमें कुछ शायरी लिखी हुई है। इसके अलावा डॉक्टर ने अपने अंगदान करने की बात लिखी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार टेकचंद शर्मा सेक्टर-22 में रहते हैं। उनकी 25 वर्षीय बेटी प्रतिभा शर्मा शारदा यूनिवर्सिटी से एमडी की पढ़ाई कर रही थी। उसने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जब वह देर शाम तक कमरे से बाहर नहीं आई तो उनके इंजीनियर भाई ने उनके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
इसके बाद उनके भाई ऊपर कमरे में पहुंचे तो दरवाजा अंदर से लॉक था। कई बार खटखटाने के बाद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा तो कमरे में खून पड़ा था। उन्होंने परिजनों को जानकारी दी। फिर जैसे-तैसे दरवाजा तोड़ा तो बेड पर प्रतिभा का शव पड़ा था। उनके बराबर में ही रिवाल्वर पड़ी थी। उनके कान में इयरफोन लगा था।