कोरोना से पीड़ित अशोक कुमार सिंह निवासी सेक्टर 19 नोएडा की इलाज के दौरान देर रात शारदा हॉस्पिटल में मृत्यु हो जाने पर सेक्टर 94 के अंतिम निवास पर मृतक अशोक कुमार सिंह का अंतिम संस्कार जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन एवं पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा कराया गया है।
दरअसल कोरोना वायरस के संक्रमण से पीड़ित मृतक अशोक कुमार सिंह की पत्नी नीलम सिंह भी कोरोना से संक्रमित होने के फलस्वरूप शारदा हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। मृतक अशोक कुमार सिंह की पुत्री गुजरात में रहती है। मृतक की पुत्री सोम लता सिंह के द्वारा जिलाधिकारी को फोन कर रोते हुए अवगत कराया कि उन्होंने अपने सभी पारिवारिक नाते दारो एवं रिश्तेदारों से अपने पिताजी के अंतिम संस्कार में जाने के लिए कहा तो सभी के द्वारा अपनी असहमति प्रकट की गई थी।
मृतक की पुत्री ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि संकट की इस घड़ी में जिलाधिकारी द्वारा अपनी उपस्थिति में उनके पिताजी का अंतिम संस्कार करा दिया जाए। जिलाधिकारी स्वयं सेक्टर 94 के अंतिम निवास पर पहुंचे जहां पर उन्होंने सभी जनपद वासियों की ओर से मृतक अशोक कुमार सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जिलाधिकारी के नेतृत्व में मृतक अशोक कुमार सिंह का अंतिम संस्कार किया गया।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट उमाशंकर सिंह, पुलिस के अधिकारीगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी गण कर्मचारी गण तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस के कर्मचारी गण उपस्थित रहे। मृतक अशोक कुमार सिंह का अंतिम संस्कार सीएनजी मशीन के माध्यम से किया गया। राकेश चौहान जिला सूचना अधिकारी गौतम बुध नगर