राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल दिल्ली में हिंसा से प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वह लोगों से बातचीत कर रहे हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें दंगा प्रभावित उत्तर पूर्वी दिल्ली में हालात सामान्य बनाने के निर्देश दिए हैं।
हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा करते समय अजित डोभाल ने मीडिया से भी बात की। उन्होंने कहा, ‘लोगों के बीच दुश्मनी नहीं है। वे शांति चाहते हैं। कुछ लोगों की वजह से यहां हिंसा हुई। किसी को डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस मुस्तैदी से काम कर रही है। इंशा अल्लाह जल्द शांति होगी।’
दिल्ली में हिंसा से करीब 22 लोगों की मौत हो गई हैं। 250 से अधिक लोग इसमें घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जिम्मेदारी मिलने के तुरंत बाद डोभाल ने दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक और नव नियुक्त विशेष आयुक्त एस एन श्रीवास्तव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ देर रात में दौरा किया।