अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में महासचिव का महत्वपूर्ण पद संभालने के बाद से ही प्रियंका गांधी वाड्रा काफी व्यस्त हैं। लखनऊ में 12 फरवरी को रोड शो के बाद वह कल से आज तक कांग्रेस के नेताओं के साथ मैराथन बैठक में व्यस्त हैं। इसी बीच कल उन्होंने महान दल के साथ गठबंधन भी किया है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भी आज उनके मोबाइल पर वार्ता करने के बाद समय मांगा। इसके बाद जब उधर से प्रियंका ने जवाब दिया तो शिवपाल सिंह यादव चकित रह गए।
समाजवादी पार्टी से अलग होकर शिवपाल सिंह यादव ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का गठन किया है। वह उत्तर प्रदेश में सभी 80 सीट से लोकसभा चुनाव में उतरने की भी तैयारी में हैं। इसी बीच आज दिन में उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा को फोन किया। कांग्रेस में पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका से शिवपाल सिंह यादव ने फोन पर मिलने का वक्त मांगा। इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुलाकात का वक्त मांगने पर शिवपाल यादव से कहा कि फिलहाल तो काफी व्यस्त हूं।