
नई दिल्ली । मानहानि के केस में सजा से बचने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री एक के बाद एक राजनीतिज्ञों से माफी मांग रहे हैैं। इससे उनकी खूब फजीहत हो रही है। सियासी लोग उन पर तंज कस रहे हैं। सोशल मीडिया में भी खूब मजाक उड़ रहा है। इसी कड़ी में अकाली-भाजपा गठबंधन के विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा दिल्ली के चौराहों पर -केजरीवाल टर्न नॉट अलाउड- के बोर्ड लगवा रहे हैं।
सिरसा का कहना है कि केजरीवाल ने क्रांतिकारी नारे लगाकर दिल्ली के लोगों को गुमराह किया है। सत्ता हासिल करने के लिए विरोधी पार्टी के नेताओं के खिलाफ उन्होंने बेबुनियाद बयानबाजी की और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
इससे नाराज नेताओं ने जब उनके खिलाफ मानहानि का केस किया तो अब अपनी जान बचाने के लिए वह उनसे माफी मांग रहे हैं। उनके इस यू टर्न से लोग अपने आप को ठगे हुए महसूस कर रहे हैं। लोगों को अब विश्वास हो गया है कि केजरीवाल ने सिर्फ दिल्ली की कुर्सी हासिल करने के लिए नेताओं के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाए थे। वह भारतीय राजनीति के सबसे बड़े झूठे नेता बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों को गुमराह किया है इसलिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग को केजरीवाल के रवैये व व्यवहार की सही जानकारी मिलनी चाहिए। जिस तरह से सड़क पर यू टर्न खतरनाक हो सकता है उसी तरह से सियासी यू टर्न भी समाज के लिए घातक साबित हो सकता है। इसलिए वह बोर्ड लगाकर लोगों को सावधान कर रहे हैं।