अयोध्या में किसी भी स्थिति के लिए अखिलेश सरकार जिम्मेदारः मायावती

नई दिल्ली: बहुजन समाज पार्टी(बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने अयोध्या में राममंदिर निर्माण के लिए पत्थर एकत्र करने के मद्देनजर आज कहा कि अगर अयोध्या में उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन होता है यह उत्तरप्रदेश की समाजवादी पार्टी (सपा)सरकार की जिम्मेदार होगी। मायावती ने यहां संसद भवन परिसर में संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा कि इस संबंध में केंद्र सरकार को विशेष इंतजाम करने चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा अन्य सहयोगी संगठन अक्सर न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन करते हैं। अयोध्या में राममंदिर निर्माण का मुद्दा उठने से संबंधित एक सवालों का जवाब दे रही थी। मीडिया में आई खबरों के अनुसार विश्व हिन्दू परिषद ने राममंदिर निर्माण के लिए अयोध्या में पत्थर एकत्र करने आरंभ कर दिए हैं।
बसपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ यह राज्य सरकार की यह सबसे पहली जिम्मेदारी है कि अयोध्या मामले में उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन नहीं होने पाए। स्थिति नियंत्रण में रहे और किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य की अनुमति नहीं दी जाए।’’ उन्होंने कहा कि अगर न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन होता है तो राज्य सरकार को जिम्मेदार माना जाना चाहिए। मायावती ने कहा कि जब बसपा राज्य में सत्ता थी तो अयोध्या किसी भी प्रकार के तनाव की स्थिति नहीं आने दी। इस बीच राज्य की सपा सरकार ने कहा है कि अयोध्या के घटनाक्रम पर कडी नजर रखी जा रही है।