
नई दिल्लीे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अगले सप्ताह तक अपने नए आधिकारिक पांच बेडरूम वाले बंगले में शिफ्ट हो जाएंगे। बतौर मुख्यमंत्री अब वे उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइन स्थित 6, फ्लैग स्टाफ रोड में अपने पूरे परिवार के साथ रहेंगे। केजरीवाल के इस नए घर में शिफ्ट करने की सभी तैयारियां लगभग पूरी भी हो चुकी हैं। फ़िलहाल वे बंगलुरु में शुगर और खांसी के लिए प्राकृतिक चिकित्सा उपचार ले रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री केजरीवाल 17 मार्च तक दिल्ली वापस लौट आएंगे, जिसके बाद वे इस घर में शिफ्ट होंगे। सिविल लाइन स्थित उनके इस आवास में चार बेडरूम, एक गेस्ट रूम, दो कार्यालय और एक लॉन है। लॉन का एरिया काफी बड़ा है और वहां करीब 300 लोग इकट्रठा हो सकते हैं।
दरअसल, मुख्यमंत्री टाइप-छह श्रेणी आवास के हकदार होते हैं, लेकिन उन्होंने केंद्रीय पूल आवास से एक बंगले का अनुरोध किया था, जोकि केवल शहरी विकास मंत्रालय द्वारा ही दिया जा सकता है।
अभी मुख्यमंत्री कौशांबी स्थित अपने घर में पत्नी, बच्चों और माता-पिता के साथ रहते हैं, जोकि दिल्लीे से सटे गाजियाबाद में स्थित है। यह फ्लैट उनकी पत्नी सुनीता के नाम पर आवंटित है, जोकि भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी हैं।