
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी की लापरवाही के कारण एयर इंडिया की एक फ्लाइट 45 मिनट लेट हो गई।
एयर इंडिया का कहना है कि दिल्ली से हैदराबाद जा रही फ्लाइट से कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी को भी जाना था, हालांकि वह फ्लाइट के तय वक्त तक पहुंच नहीं सकीं। वह खरीदारी करती रहीं, जिसके कारण फ्लाइट 45 मिनट लेट हुई और अन्य यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
हालांकि रेणुका चौधरी ने एयर इंडिया के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया सुबूत दे के वह खरीदारी कर रही थीं। चौधरी ने कहा है कि एयर इंडिया सुबूत नहीं देती है तो फिर माफी मांगे।एयर इंडिया के सूत्रों ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की राज्यसभा सांसद रेणुका चौधरी पिछले शुक्रवार एयर इंडिया की शिकागो-दिल्ली-हैदराबाद फ्लाइट AI-126 से हैदराबाद जा रही थी। फ्लाइट का शाम सात बजे उड़ना था, हालांकि कई बार घोषणा होने के बाद भी वह फ्लाइट पर नहीं आईं।
एयर इंडिया के अधिकारियों का कहना है कि उस समय वह शॉपिंग एरिया में शॉपिंग कर रही थी। सात बजकर चार मिनट पर फ्लाइट पर वह वापस आईं, हालांकि तब तक फ्लाइट का डिपार्चर टाइम बीत चुका था। फ्लाइट तय समय से 45 मिनट बाद उड़ान भर पाई।
सूत्रों ने बताया कि रेणुका चौधरी का सामान फ्लाइट में था और अंतिम समय में उसे वापस भी नहीं किया जा सकता था। हालांकि चौधरी ने आरोपों से इनकार किया और कहा कि एयर इंडिया बकवास कर रही है, वे इस बात का सुबूत दें कि वे शॉपिंग कर रही थीं।