main newsदिल्ली

जानिए केजरीवाल को टक्‍कर देने वाली नूपुर शर्मा को

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, जिसमें 62 उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं। 62 उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा चौंकाने वाला नाम है नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ने वाली नूपुर शर्मा का।

नई दिल्ली सीट से केजरीवाल के खिलाफ पहले यह कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा शाजिया इल्मी को उतार सकती है। उसके बाद जया प्रदा और किरन बेदी के नाम भी सामने आए थे। लेकिन भाजपा ने इस सीट से सबसे युवा चेहरा नूपुर शर्मा को उतारा है।

नई दिल्ली सीट से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद नूपुर शर्मा ने जीत का दावा करते हुए कहा कि मैं केजरीवाल के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ूंगी। साथ नूपुर ने दावा किया कि उन्हें नई दिल्ली विधानसभा सीट से स्थानीय उम्मीदवार होने का फायदा मिलेगा।

आम आदमी पार्टी के संस्थापक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को टक्कर देने वाली नूपुर शर्मा दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की पूर्व अध्यक्ष हैं। 31 वर्षीय नूपुर शर्मा साल 2008 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से छात्र संघ चुनाव में जीत दर्ज करने वाली एकमात्र उम्मीदवार थीं।

2008 में हुए दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में चार में से तीन पदों पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) को जीत मिली थी, जबकि नूपुर शर्मा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अकेले अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की थीं।

2010 में नूपुर छात्र राजनीति से निकलने के बाद भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा में सक्रिय हुईं और उन्हें मोर्चा में राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया। नूपुर अभी दिल्ली भाजपा कार्यसमिति की सदस्य भी हैं।

लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई करने वाली नूपुर पेशे से वकील हैं। इसके अलावा उन्होंने बर्लिन से भी पढ़ाई की है।

NCR Khabar News Desk

एनसीआर खबर.कॉम दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित और नं.1 हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews@ncrkhabar.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं

Related Articles

Back to top button