main newsएनसीआरदिल्लीराजनीति

बीजेपी को ‘बेनकाब’ करने के लिए AAP ने दिखाया स्टिंग

दिल्ली में सरकार बनाने को लेकर चल रही हलचल के बीच आम आदमी पार्टी ने एक बड़ा खुलासा किया है। आप ने एक खास स्टिंग ऑपरेशन का वीडिया जारी कर भारतीय जनता पार्टी के मुख्य नेताओं पर खरीदफरोख्त करने का आरोप लगाया है।

सोमवार सुबह 11 बजे आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कांफेंस आयोजित कर इस वीडियो को सार्वजनिक किया। उनका दावा कि इस वीडियो के बाद भाजपा की सरकार बनाने की कोशिशें बेनकाब हो जाएंगी।

वीडियो में आप के दिनेश मोहनिया व रघुवीर दहिया और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शेर सिंह व विवेक यादव बातचीत करते नजर आ रहे आ रहे हैं। इसमें हो रही बातचीत में इशारों में कुछ पैसे की बातचीत हो रही है।

इसके बाद केजरीवाल ने बताया कि भाजपा ने दिनेश मोहनिया को चार करोड़ का ऑफर देने की कोशिश की जा रही है। लेकिन पैसे देने के लिए किसी खास जगह पर बुलाया जा रहा है। पार्टी को आशंका है कि वहां जाने पर दिनेश मोहनिया की जान को खतरा हो सकता है। इसलिए पार्टी ने मामले को यही खत्म कर वीडियो उजागर कर दिया। उनका कहना है आप अभी और भी वीडियो जारी करेगी। उनके चार विधायकों को खरीदने की कोशिश की गई है।

केजरीवाल के मुताबिक करीब एक महीने पहले से मोहनिया से संपर्क किया जा रहा था। लेकिन दो दिन पहले जब उन्होंने विधायकों को स्टिंग करने के लिए कहा तब रविवार को बात आगे बढ़ाई गई और यह वीडियो शूट किया गया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद दिनेश मोहनिया ने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि भविष्य में अगर उन्हें कुछ होता है तो इसके लिए भाजपा जिम्मेदार होगी।

वहीं, भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि यह सब आप और केजरीवाल की साजिश है। दिनेश मोहनिया ने खुद ही शेर सिंह से संपर्क कर भाजपा में आने की पेशकश की थी। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा का कहना है‌ कि शेर सिंह डागर आज दोपहर दो बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मामले का पूरा खुलासा करेगें।

खुलासे के बाद कांग्रेस नेता जेपी अग्रवाल कहना है कि भाजपा सरकार बनाने के लिए बेचैन है। पार्टी कई तरह की कोशिशें कर रही है। आप नेता संजय सिंह का कहना है कि भाजपा लगातार इसी तरह की राजनीति करती आई है। उसने येदुरप्पा, कल्याण सिंह आ‌दि की सरकारें ऐसे ही बनाई थी।

मामले में लेखक चेतन भगत ने भाजपा की चुटकी लेते हुए कहा है यह एकदम पारदर्शी पर्टी है। यहां तक कि वह रिश्वत भी कैमरे के सामने लेती है। कांग्रेस प्रवक्ता संजय झा का कहना है कि कुछ दिनों के भीतर ही भाजपा रंग दिखने लगा है।

ऑपरेशन पर्दाफाश के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने भाजपा पर चार खास आरोप लगाया। जिसमें प्रमुख आरोप विधायकों को खरीदने के लिए चार करोड़ की पेशकश है। इसके बाद उनका कहना है कि आप के चार अन्य विधायकों से संपर्क किया गया है, जल्द ही पार्टी उनका भी वीडियो सामने लाएगी।

इसक बाद केरजीवाल ने बताया कि भाजपा आप विधायकों को खरीदने के लिए अलग-अलग मूड की चार टीमें बनाई हैं। ये चारों टीमें खरीदफरोख्त के लिए तमाम तरह की पेशकश कर रही हैं। उनका आरोप है कि वी‌डियो जारी करने के बाद उनके विधायकों को जान का खतरा है। क्योंकि भाजपा पैसे देने के लिए विधायकों को कुछ खास जगहों पर बुला रही है।

साथ ही केजरीवाल ने फिर दोहराया है कि अगर भाजपा आप विधायकों को खरीदने की कोशिश करे तो ठुकराए नहीं। उन्होंने एक बार फिर अपने पुराने हथियार के प्रयोग पर ध्यान लगाया है और कहा है‌ कि अगर भाजपा की ओर से पैसे की पेशकश की जाए, तो वे मना न करें। बस बातचीत और पैसे की लेन-देन करते वक्त फोन टैप और वीडियो रिकॉर्डिंग कर लें।

गौरतलब है कि यह आप का पुराना हथियार है। केजरीवाल की सरकार रहते इसके जरिए ही भ्रष्ट्राचार कम करने का दावा किया जा रहा था। तब केजरीवाल ने आम जनता को स्टिंग ऑपरेशन करने के लिए कहा था।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक आप के वरिष्ठ नेताओं ने सभी विधायकों से अपने फोन में रिकॉर्डिंग की सुविधा ऑन रखने को कहा है। ताकि किसी तरह के फोने आने या जाने पर पूरी बातचीत रिकॉर्ड की जा सके।

NCR Khabar News Desk

एनसीआर खबर.कॉम दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित और नं.1 हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews@ncrkhabar.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं

Related Articles

Back to top button