उत्तराखंड में चार माओवादी समर्थक गिरफ्तार

maoists-kejriwalअलमोड़ा नगर सहित कई स्थानों पर जनयुद्ध तेज करने तथा चुनाव बहिष्कार के नारे लिखे पोस्टर चिपकाने के मामले में पुलिस ने 3 मई (शनिवार) की रात चार लोगों को देशद्रोह तथा अन्य धाराओं में गिरफ्तार कर लिया।

इन चारों को सोमवार को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस को मामले में कुछ अन्य की भी तलाश है।

आरोपियों में से तीन पाटिया के निकट एक घर से पोस्टर तथा अन्य सामग्री के साथ दबोचे गए जबकि एक अन्य को माल गांव जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार भट्ट ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं।

मुखबिर की सूचना पर मिले महत्वपूर्ण सुराग के बाद पुलिस और एसओजी की टीम ने तीन मई की रात पाटिया में एकांत जगह पर स्थित गोविंद राम के घर छापा मारा, जहां से गोविंद राम पुत्र स्व. दीवान राम, जगदीश उर्फ जोगा राम पुत्र गुसाईं राम और दीवान सिंह बिष्ट पुत्र गुसाईं सिंह बिष्ट को पोस्टर, पंफ्लेट, लाल रंग की स्याही, लकड़ी की कलमें, लेही, क्रांतिकारी किसान संगठन की अपील वाले 134 पोस्टर और अन्य सामग्री के साथ गिरफ्तार कर लिया।

चौथे आरोपी जीवन चंद्र आर्य उर्फ जेसी (प्रदेश अध्यक्ष आरडीएफ) कोमाल गांव जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया।