58 दिन पुलिस को छकाने वाला नारायण साईं गिरफ्तार

narayan-sai-525668713c116_exl (1)दुष्कर्म के आरोप में फरार नारायण साईं को पुलिस ने दिल्ली हरियाणा सीमा से गिरफ्तार कर लिया है। वह वेष बदला हुआ था। उसने सिर पर पगड़ी बांधी हुई थी।

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस और सूरत पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नारायण साईं को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने उसके साथी हनुमान समेत तीन और लोगों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के समय नारायण साईं ने जींस, टी-शर्ट, जैकेट और नारंगी रंग की पगड़ी पहनी हुई थी।

नारायण साईं समेत पांचों को दिल्ली लाया गया है। दिल्ली पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। दोपहर दो बजे सभी को रोहिणी कोर्ट में पेश किया जाएगा।

सूरत पुलिस की सूचना पर दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

सूरत की दो युवतियों के दुष्कर्म के आरोप लगाने के बाद से ही नारायण साईं फरार था। पुलिस 58 दिनों से उसकी तलाश में थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह पोस्टर लगाए गए थे।

सूरत पुलिस ने उसके बारे में जानकारी देने वाले को इनाम देने की घोषणा की हुई थी।

नारायण साईं के पिता आसाराम भी एक नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोप में जोधपुर जेल में बंद हैं।