झूठा प्रचार कर रहे हैं विरोधी : नंद किशोर
विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक नंद किशोर का कांग्रेस के युवा नेताओं में शामिल हैं। वह छात्र जीवन से ही राजनीति से जुड़े रहे हैं। वर्ष 2007 में उन्होंने हस्तसाल वार्ड से निगम का चुनाव लड़कर राजनीति पारी की शुरुआत की। अगले ही साल वह परिसीमन के बाद आस्तित्व में आए विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार बने और जीत हासिल की। वह दोबारा इसी क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। चुनावी तैयारियों को लेकर नंद किशोर से वरिष्ठ संवाददाता संतोष शर्मा ने बातचीत की।
महंगाई और भ्रष्टाचार से त्रस्त जनता को कांग्रेस कैसे मनाएगी?
-देखिए, जहां तक महंगाई की बात है, यह समस्या वैश्विक मंदी की वजह से सामने आई है। बावजूद इसके दिल्ली में अन्य राज्य खासकर भाजपा शासित प्रदेशों के मुकाबले बिजली, पेट्रोल व एलपीजी गैस सस्ती है। कांग्रेस लोगों को सबसे ज्यादा पेंशन व अन्य योजनाओं से लाभ पहुंचा रही है। जहां तक भ्रष्टाचार की बात है, तो विरोधी सिर्फ झूठा प्रचार कर रहे हैं। कोई भी आरोप तय नहीं हुए हैं। कांग्रेस ने पिछले 15 वर्ष में काफी विकास कार्य कराया है। कांग्रेस चौथी बार भी सरकारी बनाएगी।
चुनाव में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का कितना असर पड़ेगा?
-नरेंद्र मोदी गलत तथ्य व आकड़े पेश कर लहर बनाने का दावा कर रहे हैं। विकास दर के मामले में गुजरात देश में 13वें स्थान पर है। वहां हर तीसरा व्यक्ति कुपोषण का शिकार है। इसके उलट दिल्ली में पिछले 15 वर्ष में शीला दीक्षित ने अनेक विकास कार्य करवाए हैं। दिल्ली विश्वस्तरीय नगरी हो गई है। मोदी लहर नहीं बल्कि राजधानी में विकास का फैक्टर दिखेगा।
आम आदमी पार्टी की नजर कांग्रेस के वोट बैंक पर है। इससे कितना नुकसान होगा?
आम आदमी पार्टी (आप) का दिल्ली में कोई जनाधार नहीं है। ‘आप’ नेता बिना किसी तथ्य के दूसरे को गलत व खुद को सही साहित करने में लगे हैं। यह बात जनता को हजम नहीं हो रही है। ‘आप’ कांग्रेस को नुकसान नहीं पहुंचा पाएगी। चुनाव में ‘आप’ का खाता तक नहीं खुलेगा।
राहुल गांधी विकास की बात छोड़ भावनात्मक भाषण दे रहे हैं?
-राहुल गांधी कोई भावनात्मक भाषण नहीं दे रहे हैं। बल्कि सच्चाई जनता के सामने रख रहे हैं। कांग्रेस से ज्यादा किसी ने बलिदान नहीं दिया है। बलिदान देना पार्टी का इतिहास रहा है। पार्टी ने इंदिरा गांधी व राजीव गांधी जैसे दो बड़े नेता खोये हैं। सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री का पद ठुकराया, इससे बड़ा त्याग और क्या हो सकता है। दरअसल राहुल गांधी दिल से बोलते हैं और दिल की बातें जुबा पर आ ही जाती हैं।
कांग्रेस का प्रमुख मुद्दा क्या होगा?
-पिछले 15 वर्ष में कराए गए विकास कार्यो के साथ हम जनता के सामने जाएंगे। कांग्रेस की सरकार ने लोगों को न केवल मूलभूत सुविधाएं दी, बल्कि महिलाओं, बच्चियों व बुजुर्गो को सम्मान भी दिलाया। महिलाओं को गर्भावस्था से ही सहायता प्रदान कराई जाती है। बच्चियों के लिए लाडली योजना शुरू की गई है। बुजुर्गो को स मान से रहने के लिए पेंशन योजना लागू की गई। जेजे कॉलोनी के लोगों को मालिकाना हक दिलाने के अलावा गांवों का लाल डोरा क्षेत्र बढ़ाया गया।
आरोप है कि आपने कॉलोनी की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा विकास कार्य कराए हैं?
– (हंसते हुए) मैं तो दोनों ओर से फटकार झेल रहा हूं। गांव वाले हमसे कॉलोनियों में ज्यादा काम करवाने की बात कह नाराजगी जताते हैं। हालांकि सच्चाई यह है कि हमने हर वर्ग व क्षेत्र के लिए काम करवाया। जहां तक कॉलोनियों की बात है तो पिछले पांच वर्ष में विकास नगर आदि कॉलोनियों में ज्यादा काम हुए। विधानसभा क्षेत्र की 107 कॉलोनियों में सड़क व नाले का निर्माण कराया गया। करीब 60 कॉलोनियों में पानी की लाइन डलवाई। वहीं बक्करवाला और बापरौला गांव में लाखों की लागत से पुराने चौपाल का जीर्णोद्धार करवाया। गांव व कॉलोनियों को जोड़ने के लिए मोहन गार्डन-बापरौला और बपरौला-नंगली गांव के बीच नाले पर पुलिया का निर्माण करवाया।