एनसीआर

फोन पर बात करने की दीवानगी, हुआ कुछ यूं और दो की गई जान

ad-ncr2sनोएडा,  मोबाइल फोन पर बात करने की दीवानगी ने दो लोगों की जान ले ली। मरने वाली एक विवाहिता और दूसरा अधेड़ उम्र का व्यक्ति है।

तीन मंजिला छत पर बात करने में मशगूल विवाहिता नीचे गिर पड़ी, उसकी चपेट में अधेड़ उम्र का व्यक्ति भी आ गया। इस घटना में महिला के सिर पर गहरी चोट लगी, जबकि गंभीर रूप से घायल होने से अधेड़ उम्र के उस व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। विवाहिता की मौत अस्पताल में हुई। यह हादसा गुरुवार सुबह सलारपुर में हुआ। हादसे में मृत महिला पूनम [22], जबकि अधेड़ व्यक्ति ओमप्रकाश वाल्मीकि [55] वर्ष के थे। पूनम जल्द ही मायके जाने वाली थी। इस खुशी में वह तीन मंजिला मकान की छत पर कपड़े सुखाने के साथ परिजनों से मोबाइल फोन पर बात कर रही थी। अचानक वह अपना नियंत्रण खो बैठी और छत पर रेलिंग नहीं होने की वजह से नीचे गिर गई। इस दौरान घर के नीचे ओमप्रकाश कुछ काम कर रहे थे। इन्हीं के ऊपर पूनम गिरी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पूनम के सिर पर गहरी चोट आई। दोनों को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि पूनम की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि पूनम अपने पति रमाकांत तिवारी के साथ सलारपुर में लोकेश भाटी के मकान में रहती थी। रमाकांत मूलरूप से बांदा के रहने वाले हैं और फेज-दो में निजी कंपनी में कार्यरत हैं। तीन साल पहले ही इनकी शादी हुई थी। कुछ दिन पहले ही पूनम को मायके ले जाने के लिए उनकी दादी सलारपुर में आई थीं। इससे पूनम काफी खुश थी।

गुरुवार सुबह वह घर जाने की खुशी में ही मोबाइल फोन पर बात करते हुए छत पर कपड़े सुखाने चली गई थी। उसी दौरान हादसा हो गया। ओमप्रकाश वाल्मीकि सेक्टर-50 की झुग्गियों में रहते थे। वह मूलरूप से बुलंदशहर के डिबाई के रहने वाले थे। वह सफाई का काम करते थे। गुरुवार सुबह वह सलारपुर में सफाई का ही काम कर रहे थे। उसी दौरान अचानक वह इस हादसे के शिकार बन गए। इस हादसे को देख आसपास के लोग भी आश्चर्यचकित रह गए। यहां के लोगों का कहना है कि यह हादसा इतना भयावह नहीं था कि दो लोगों की जान चली जाए। पुलिस ने हादसे की पड़ताल शुरू कर दी है।

NCR Khabar News Desk

एनसीआर खबर.कॉम दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित और नं.1 हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews@ncrkhabar.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं

Related Articles

Back to top button