लखनऊ।। सरकार की ओर से रोक के बावजूद विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) 84 कोसी परिक्रमा पर अब भी अड़ी हुई है। सरयू नदी के किनारे स्थिति सद् गुरु शरण आश्रम से वीएचपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगड़िया को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, तमाम सुरक्षा उपायों को धता बताकर वीएचपी के कुछ कार्यकर्ता सरयू पूजन करने में सफल रहे। उन्होंने संकल्प लिया, लेकिन परिक्रमा शुरू करने से पहले ही पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। बता दें कि परिक्रमा की शुरुआत सरयू पूजन करके ही होने वाली है। अशोक सिंघल को लखनऊ एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है।
सके पहले पूर्व सांसद राम विलास वेदांती और रामजन्म भूमि न्यास परिषद के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास को भी गिरफ्तार किया गया था। अब तक करीब 1000 वीएचपी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। गौरतलब है कि शनिवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने परिक्रमा पर रोक के खिलाफ दाखिल याचिका खारिज कर दी थी। फैजाबाद और आसपास के जिलों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। यूपी के हर जिले में सरकार कड़ी चौकसी रख रही है।
यूपी सरकार की सुरक्षा के तमाम उपायों को धता बताकर वीएचपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया अयोध्या में पहुंचने में सफल रहे। पुलिस को शनिवार को इसकी जानकारी सर्विलांस के जरिए हुई। रविवार को ठीक 10 बजे सरयू नदी के किनारे स्थित सद् गुरु शरण आश्रम से पुलिस ने करीब 150 समर्थकों के साथ प्रवीण भाई तोगड़िया को अरेस्ट कर लिया। पुलिस उन्हें तुरंत वहां से लेकर रवाना हो गई। गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तोगड़िया ने कहा कि कल से देश व्यापी आंदोलन होगा। परिक्रमा जारी रहेगी। लोग जगह-जगह परिक्रमा करेंगे।
वीएचपी के सीनियर नेता अशोक सिंघल रविवार को नई दिल्ली से अयोध्या के लिए रवाना हुए। लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें सरकार एयरपोर्ट से ही वापस दिल्ली भेजना चाह रही है। हालांकि, वह वापस दिल्ली जाने को तैयार नहीं हैं। वह अयोध्या जाने की जिद पर अड़े हुए हैं।