main newsउत्तर प्रदेशभारत

गोली और बम से थर्राया इलाहाबाद, 5 महिलाएं घायल

उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में अति संवेदनशील धूमनगंज के राजरूपपुर इलाके में बुधवार की रात दो पक्षों में झगड़े के बाद जमकर उपद्रव हुआ।

उपद्रवियों ने ताबड़फोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। आमने-सामने से भीषण बमबाजी की गई।छतों और दुकानों पर भी बम फेंके गए। फायरिंग और बमबाजी में पांच महिलाएं जख्मी हो गईं। एक ठेकेदार के घर बम फोड़कर आग लगाने की कोशिश की गई। उपद्रव और बवाल के बाद महिलाएं सड़क पर उतर आईं।

छह थानों की फोर्स और पीएसी ने मौके पर पहुंच कर हालात को काबू में किया।पुलिस के अनुसार, झगड़े की शुरुआत पतंगबाजी को लेकर हुई। डोर लूटने के विवाद में भिड़े युवकों में पहले तो मारपीट हुई फिर एक-दूसरे के घर पर चढ़कर हमला किया गया। राजरूपपुर में बुधवार की शाम एक समुदाय के तीन दोस्त छत पर पतंग उड़ा रहे थे।

उनकी पतंग कटी तो सामने रहने वाले दूसरे समुदाय के लड़कों ने डोर लूट ली। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई। रात में दूसरे पक्ष का लड़का दिखा तो पहले समुदाय के लड़कों ने उन्हें पीट दिया।

इसके बाद झगड़े की आग फैल गई और दोनों पक्षों के बीच मारपीट के बाद फायरिंग शुरू हो गई। बमबाजी भी हुई। छत से बम बस्ती में गिरा तो कुल पांच महिलाएं जख्मी हो गईं। एक महिला की आंख में छर्रा लग गया।

महिलाओं के घायल होने के बाद बस्ती के लोग छतों से पथराव करने लगे। एक समुदाय के घर से फायरिंग हुई तो सामने से उसके घर बम फेंका गया।

खबर पाकर एसओ धूमनगंज धर्मेंद्र प्रताप पहुंचे तो छत से एक युवक ने फायरिंग कर दी।

पुलिस ने युवकों को खदेड़ा तो वे पीछे के रास्ते से कूदकर निकल भागे। पुलिस ने जख्मी महिलाओं को जीप से अस्पताल भेज दिया। अंधेरे में फायरिंग और बमबाजी से पूरा इलाका थर्रा उठा। कई घरों में दहशत की वजह से ताले लटक गए।

पुलिस ने घरों में घुसकर युवकों को पकड़ना शुरू कर दिया। महिलाएं हंगामा करने लगीं तो अधिकारियों ने उन्हें शांत कराया।

NCR Khabar News Desk

एनसीआर खबर.कॉम दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित और नं.1 हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews@ncrkhabar.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं

Related Articles

Back to top button