नई दिल्ली।। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को दोपहर बाद से शुरू हुई तेज बारिश ने लोगों को दहकाती गर्मी और घुटन भरी उमस से राहत दे दी। ठंडी हवा के झोकों ने दिल्लीवासियों को खुश कर दिया। हालांकि जगह-जगह बारिश का पानी भर गया और वाहनों व लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
मंगलवार सुबह से ही राजधानी का मौसम सुहाना रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यहां कुछ हिस्सों में बारिश होने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना पहले ही जता दी थी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा था, ‘आसमान बादलों से घिरा रहेगा। शहर के कुछ हिस्से में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जाएगा।’